वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट परिसर में जमकर लात घूसे चले। आरोप है कि हाई कोर्ट परिसर में तलवारें भी लहराई गईं और वकीलों पर भी हमला किया गया। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने दो वकीलों पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। इनमें एक महिला वकील भी शामिल है।
बार सदस्यों के साथ मारपीट की
बार एसोसिएशन का आरोप है कि कोर्ट प्रांगण में इन दोनों ने बार सदस्यों के साथ मारपीट की और दहशत का माहौल बनाया। बार कार्यकारिणी के अनुसार महिला एडवोकेट रवनीत कौर ने मुख्य न्यायाधीश की अदालत में बार के मौजूदा सचिव पर उनका बैग और लैपटॉप कब्जे में लेने का झूठा आरोप लगाया और अपने मामले को अगले दिन लगाने की मांग की। लगभग 100 वकीलों की आपत्ति के बावजूद उनकी मांग स्वीकार कर ली गई। अदालत से बाहर आने के बाद रवनीत कौर ने हंगामा किया और एडवोकेट सिमरनजीत सिंह ब्लासी के साथ बार कार्यालय में घुसकर सचिव से बदसलूकी की और अन्य सदस्यों से मारपीट की।
कोर्ट परिसर में खुलेआम तलवार लेकर आने का आरोप
सबसे गंभीर आरोप यह लगाया गया है कि एडवोकेट ब्लासी कोर्ट परिसर में तलवार लेकर खुलेआम घूम रहे थे और उन्होंने सचिव तथा अन्य वकीलों पर हमला भी किया। बार ने कहा कि दोनों को पुलिस अपने साथ ले गई थी, इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बार एसोसिएशन ने मांग की है कि तुरंत एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। चेतावनी दी गई है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो बार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएगी।
2 वकीलों के खिलाफ FIR
वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उक्त दोनों वकीलों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। इधर बार एसोसिएशन ने वीरवार को हड़ताल पर जाने का एलान कर दिया है।

