SNE NETWORK.LUDHIANA.

सीसीटीवी कैमरे में दोहता नानी का गला दबाते हुए कैद हुआ था।
लुधियाना में प्रॉपर्टी के लालच में दोहते ने नानी की हत्या कर दी। परिवार ने नानी की मौत को हार्ट अटैक या सामान्य मौत समझकर अगले दिन अंतिम संस्कार भी कर दिया, लेकिन इसके बाद पड़ोसी के घर लगे CCTV की फुटेज सामने आई तो पूरा मामला पलट गया।
फुटेज में दोहता नानी से झगड़ते और मारपीट करते नजर आया। वह नानी के ऊपर बैठकर उनका मुंह और गला दबाता भी दिखा। CCTV के आधार पर पुलिस ने सामान्य मौत की कार्रवाई को हत्या के केस में बदल दिया। पुलिस ने आरोपी गुरकीरत सिंह उर्फ गोरा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल किया और हत्या करने की वजह बताई।

मनजीत कौर, जिसकी दोहते ने गला दबाकर हत्या कर दी।
मृतका मनजीत कौर की बेटी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने अपने दोहते गुरकीरत सिंह उर्फ गोरा को मां की तरह पाला और बड़ा किया। नानी ने ही उसकी शादी भी करवाई थी। परिवार के मुताबिक, नानी ने उसे जिंदगी में आगे बढ़ाने के लिए काफी कुछ किया था।
अंतिम संस्कार के बाद परिवार के मन में नानी की अचानक मौत को लेकर सवाल उठने लगे। इसके बाद पड़ोस के घर में लगे CCTV कैमरे की फुटेज चेक की गई। फुटेज में जो सामने आया, उससे परिवार के होश उड़ गए।

मनजीत कौर का 4 सितंबर को अंतिम संस्कार किया गया था।
फुटेज में 3 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे गुरकीरत सिंह अपनी नानी के साथ झगड़ा करता नजर आया। इसके बाद वह उनके साथ मारपीट करने लगा। CCTV में वह नानी के ऊपर बैठकर उनका मुंह और गला दबाता हुआ भी दिखाई दिया। CCTV सामने आने के बाद परिवार को यकीन हो गया कि मनजीत कौर की मौत सामान्य नहीं थी। जिस मौत को पहले हार्ट अटैक या सामान्य मौत माना जा रहा था, उसमें हत्या का शक सामने आ गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह नानी का घर और दूसरी प्रॉपर्टी अपने नाम करवाना चाहता था। वह इसके लिए कई बार नानी पर दबाव भी बना चुका था। लेकिन नानी संपत्ति उसके नाम करने को तैयार नहीं थीं। ###USA###UK###CANADA###LUDHIANA###CHANDIGARH###MURDER###GRAND-MATERNAL-SON###AUSTRALIA###NEWZEALAND###

