SNE NETWORK.BATALA / GURDASPUR.

वीडियो में बोलते हुए ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज। ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज सतिंदर कुमार की फाइल फोटो।
गुरदासपुर में बटाला के ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज इंस्पेक्टर सतिंदर कुमार का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें वह एक कारोबारी से पैसों की डिमांड कर रहे हैं। वीडियो में वह हर महीने 5 हजार रुपए देने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि 5 हजार रुपए देने के बाद कोई नहीं पूछेगा। वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक इंचार्ज को सस्पेंड कर दिया गया है। डीएसपी टीपी सिंह ने कहा कि सतिंदर को पुलिस लाइन बटाला भेज दिया गया है। उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बीती देर शाम पुलिस को इस वीडियो के बारे में पता चला। रात 8 से 9 के बीच पुलिस ने अपने अधिकारिक फेसबुक पेज पर कार्रवाई संबंधी जानकारी दी। कार्रवाई के बाद इंचार्ज ने फोन बंद कर रखा है। इंस्पेक्टर सतिंदर कुमार को लगभग डेढ़ महीना पहले ही यहां लगाया गया था। ये वीडियो किसने और कब बनाया, इसके बारे में अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन ये वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इससे पहले भी ट्रैफिक इंचार्ज ने एक प्री-वेडिंग के शूट के दौरान अपने साथियों के साथ वीडियो शूट करवाया था। जिसके बाद इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह को लाइन हाजिर किया गया था।

