वरिष्ठ पत्रकार विजय शर्मा.चंडीगढ़।
खालिस्तान समर्थक और वारिस पंजाब दे प्रमुख अमृतपाल सिंह को आखिरकार करीब 36 दिन बाद मोगा पुलिस ने पकड़ लिया। रविवार सुबह पुलिस ने अमृतपाल सिंह को मोगा के गांव रोड़े के गुरुद्वारा से सरेंडर के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस कई दिनों से देश के कई हिस्सों में उसकी तलाश कर रही थी। सरेंडर से पहले उसने गुरुद्वारा साहिब से संबोधित किया था। यह जरनैल सिंह भिंडरावाला का गांव है।
पल-पल का लाइव अपडेट
पुलिस में रोडे गांव को घेर लिया था: पुलिस
आईजी ने बताया कि अमृतपाल की पंजाब पुलिस के पास पुख्ता सूचना थी। इसके बाद पंजाब पुलिस में रोडे गांव को घेर लिया था। उसके बाद अमृतपाल के पास कोई विकल्प नहीं रह गया था। आखिर में वह गुरुद्वारे के बाहर आ गया जहां से पंजाब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
‘गुरुद्वारे की पवित्रता को देखते हुए अंदर नहीं गई पुलिस’
पंजाब पुलिस के आईजी ने बताया कि गुरुद्वारे की पवित्रता को देखते हुए पुलिस ने गुरुद्वारे के अंदर जाकर अमृतपाल को गिरफ्तार नहीं किया। हमने पूरे गुरुद्वारे के आसपास फोर्स जुटा दी और उसे घेर लिया। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस ने आज सुबह करीब 6.45 बजे गांव रोडे में गिरफ्तार किया है।
सरेंडर पर क्या बोली पंजाब पुलिस
पंजाब पुलिस के आईजी ने बताया कि हमने अमृतपाल को अरेस्ट किया है। अंदर क्या-क्या हुआ इस बारे में टिप्पणी करना ठीक नहीं है। हमने यह कार्रवाई इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर की और गुरुद्वारे को घेरने के बाद अमृतपाल को एनएसए के तहत गिरफ्तार कर लिया।
देर रात पहुंचा था रोडे
जरनैल सिंह भिंडरावाले के भतीजे के अनुसार, शनिवार देर रात ही अमृतपाल गांव रोडे पहुंच गया था।
डिब्रूगढ़ जेल भेजा जाएगा अमृतपाल सिंह
खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह को असम की डिब्रूगढ़ जेल भेजने की तैयारी है। बठिंडा एयरपोर्ट पर मेडिकल के बाद उसे एयरलिफ्ट करके असम भेजा जाएगा।
29 मार्च को जारी किया एक वीडियो
अमृतपाल ने 29 मार्च को एक वीडियो जारी किया था, जिसमें उसने दावा किया था कि वह बच निकलने में कामयाब रहा है और अब सुरक्षित है। अमृतपाल ने सशर्त आत्मसमर्पण की बात भी कही थी, लेकिन इस संबंध में भी पुलिस के सारे अनुमान गलत साबित हुए थे।
पुलिस को चकमा देते आ रहा था खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल
बीते एक महीने की जद्दोजहद को लेकर पंजाब पुलिस का दावा किया था कि अमृतपाल दो बार चकमा देकर बच निकलने में कामयाब रहा, लेकिन पुलिस की असफलता पर भी सवाल खड़े होने लगे थे और पूरे घटनाक्रम को पंजाब पुलिस और खुफिया तंत्र की नरमी करार दिया जा रहा था।
गुरुद्वारे में अमृतपाल ने ले रखी थी शरण
बताया जा रहा है कि अमृतपाल पर करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं। अमृतपाल ने गुरुद्वारे में शरण ले रखी थी। एक ग्रंथी ने अमृतपाल के वहां होने की सूचना पुलिस को दी थी।
अमृतपाल को मेडिकल के लिए ले जाया गया बठिंडा एयरपोर्ट
अमृतपाल को पकड़ने के बाद पंजाब पुलिस उसे बठिंडा एयरपोर्ट ले गई। बताया जा रहा है उसे एयरलिफ्ट करके असम भेजा जाएगा। इससे पहले उसका मेडिकल किया जा रहा है।
भिंडरावाला के गांव से पकड़ा गया अमृतपाल, बठिंडा एयरपोर्ट से भेजा गया असम 18 मार्च से फरार था
अमृतपाल सिंह वारिस पंजाब दे का प्रमुख अमृतपाल सिंह 18 मार्च से फरार था। वह दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में दिखाई दिया। उसके कईं फोटो और वीडियो भी सामने आए थे। इनमें अमृतपाल खुलेआम घूमता दिखा लेकिन पुलिस और खुफिया एजेंसियों के हाथ उस तक नहीं पहुंच पा रहे थे।

