एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
भारतवंशी अर्पण खन्ना कनाडा की ओंटारियो प्रॉविंस की ऑक्सफोर्ड सीट से उपचुनाव जीत कर सांसद बन गए हैं। वह पीछे से पंजाब के लुधियाना के रहने वाले हैं। खास बात यह है कि इस सीट से पहली बार भारतीय परिवार का बेटा सांसद बना है। कनाडा की मुख्य विरोधी कंजरवेटिव पार्टी के अर्पण खन्ना ने प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी के प्रत्याशी डेविड हिल्डरली को 13574 मतों के मुकाबले 16144 मत हासिल करके जीत का परचम लहराया।
भारतीय भाईचारे में खुशी की लहर दौड़ी
कनाडा के पूर्व पीएम स्टीफन हार्पर और पूर्व इमीग्रेशन मंत्री जेसन केनी के साथ मधुर संबंधों की बदौलत अर्पण खन्ना कंजरवेटिव पार्टी के बेहद लोकप्रिय नेता बन गए।नतीजे आने के बाद भारतीय भाईचारे में खुशी की लहर दौड़ गई है।
संसदीय क्षेत्र में डच और असली गोरों की आबादी
खास बात यह है कि कनाडा के इतिहास में सिर्फ दो बार लिबरल पार्टी के प्रत्याशी की जीत हुई है। बाकी तमाम चुनाव में ये सीट कंजरवेटिव पार्टी की जीत की गवाह है। इस संसदीय क्षेत्र में डच और असली गोरों की आबादी है, भारतीय बहुत कम तादाद में यहां रहते हैं। कुल सवा लाख आबादी हैं। अर्पण खन्ना की टक्कर लिबरल पार्टी के प्रत्याशी डेविड हिल्डरली के साथ थी जिसे उन्होंने 2570 वोट से हराकर जीत हासिल की।
पेशे से है वकील
अर्पण खन्ना वकील होने के साथ-साथ बहुत दूरदर्शी भी हैं। कंजरवेटिव पार्टी के आगामी चुनाव के लिए प्रधानमंत्री उम्मीदवार पीयर पोलिवर के साथ भी अर्पण खन्ना के बेहद अच्छे संबंध हैं, ऐसे में अगर कनाडा में अगली सरकार कंजरवेटिव पार्टी की बनती है तो अर्पण खन्ना का मंत्री बनना तय है। उन्होंने कहा कि वैसे तो पंजाबी मूल के बहुत लोग कनाडा में सांसद और मंत्री बनते रहे हैं लेकिन ऑक्सफोर्ड सीट से सांसद बनकर अर्पण खन्ना ने नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।