वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
शीतलहर व घने कोहरे का कहर जारी है। कई दिनों से धूप न निकलने के कारण अमृतसर, लुधियाना, पटियाला और बठिंडा में दिन का पारा सामान्य से 10.3 डिग्री तक नीचे पहुंच गया।गुरदासपुर सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दिन में बठिंडा का तापमान राज्य में सबसे कम रहा। यहां का अधिकतम तापमान 10.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से 10.3 डिग्री तक नीचे दर्ज किया गया, जबकि रात को न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बढ़ती ठंड के बीच सरकार ने राज्य के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 14 जनवरी तक छुट्टियां घोषित कर दी हैं। आंगनबाड़ी वर्करों को तीन से छह साल के बच्चों को छुट्टी के दौरान घर तक राशन पहुंचाने के आदेश दिए गए हैं। ठंड का ऐसा हाल रहा तो स्कूलों को भी बंद करने का आदेश जारी हो सकता हैं। फिलहाल, इस बारे किसी ने अधिकारिक पुष्टि नहीं की। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार क्षेत्र में 10 जनवरी तक धूप नहीं निकलने के आसार हैं, ऐसे में तापमान में और गिरावट हो सकती है।
एडवाइजरी
सेहत विभाग ने ठंड को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। इसके मुताबिक बहुत जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकला जाए। साथ ही संतुलित खुराक का सेवन करें। शीतलहर से बचने के लिए तीन परतों में गर्म कपड़े पहनें। शरीर में पानी की कमी को दूर करने के लिए समय-समय पर गुनगुना पानी पीते रहें। हादसों से बचने के लिए गैर जरूरी यात्राओं से भी बचने की सलाह दी गई है।

