एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

पंजाब के जिला संगरूर के गांव खनाल खुर्द के पद्मश्री ओलंपियन मुक्केबाज कौर सिंह (74) का बुधवार को निधन हो गया। हरियाणा के जिला कुरुक्षेत्र के अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। पद्मश्री, अर्जुन अवॉर्ड, एशियन गोल्ड मेडलिस्ट कौर सिंह के निधन पर CM पंजाब भगवंत मान ने ट्वीट कर दुख प्रकट किया है।
कौर सिंह का अंतिम संस्कार आज उनके गांव खनाल खुर्द में किया जाएगा। दरअसल, कौर सिंह डायबिटीज की बीमारी से ग्रस्त थे। बीते 2 दिन पूर्व उन्हें इलाज के लिए पहले पटियाला और बाद में कुरुक्षेत्र के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
भारतीय फौज में रहे सूबेदार
कौर सिंह साल 1970 में भारतीय फौज में भर्ती हुए। देश सेवा के दौरान इनमें मुक्केबाजी में मुकाम हासिल करने का जज्बा जागा। कौर सिंह की प्रतिभा को देख कर्नल बलजीत सिंह जोहल ने उन्हें पुणे इंस्टीट्यूट में ट्रेनिंग कैंप में शामिल होने को प्रेरित किया। इसके बाद कौर सिंह ने यहां से मुक्केबाजी की ट्रेनिंग लेते हुए दोबारा पीछे मुड़कर नहीं देखा। कड़ी मेहनत व लग्न से उन्होंने नेशनल गेम्स, सिकंदराबाद में पहला गोल्ड मेडल जीता। इसके बाद वह वह इंडियन कप के लिए चुने गए।

