एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

पंजाब के नंगल में एमपी कोठी के निकट भाखड़ा नहर में एक कार गिर गई। हादसे में कार सहित तीन लोग पानी के तेज बहाव में बह गए, जबकि एक व्यक्ति को सुरक्षित नहर से निकाल लिया गया है। नंगल की जवाहर मार्केट निवासी मोहन लाल को बीबीएमबी का कर्मचारी बताया गया है। वह अपनी पत्नी, बहन और बहनोई के साथ अपने घर से बाबा धून्ने बाला मंदिर में माथा टेकने जा रहे थे।
किसी वजह से उनकी कार अचानक भाखड़ा नहर में जा गिरी। मोहन लाल को तो सुरक्षित बचा लिया गया लेकिन उनकी पत्नी सरोज, बहन सुमन व बहनोई अक्षय गाड़ी सहित पानी के तेज बहाव में बह गए। घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर दानिश वीर सिंह, बीबीएमबी अग्निशमन विभाग की टीम व गोताखोर कमलप्रीत सैनी भी मौके पर पहुंच गए थे। गाड़ी व गाड़ी में सवार अन्य तीनों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू किया गया था, लेकिन समाचार लिखे जाने तक लापता हुए लोगों का कोई पता नहीं चल पाया है।
गाड़ी काफी देर तक नहर में तैरती रही
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी नहर में गिरने के उपरांत काफी देर पानी में तैरती रही और लोगों की मदद से तैरती गाड़ी को रस्सी से बांध भी लिया था लेकिन अचानक गाड़ी का एक शीशा खुल गया और गाड़ी में पानी भर जाने के कारण गाड़ी डूब गई। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर दानिश वीर सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए कहा कि पानी के तेज बहाव में बहे लोगों को ढूंढने के लिए गोताखोर कमलप्रीत व उसकी टीम लगी हुई है।

