विवाह बंधन में बंधे आप मंत्री बैंस, मुख्यमंत्री मान से लेकर केजरीवाल पहुंचे

विजय शर्मा.चंडीगढ़। 

पंजाब के मंत्री हरजोत बैंस शनिवार को आईपीएस ज्योति यादव के साथ विवाह बंधन में बंध गए। उनका आनंद कारज नंगल के ऐतिहासिक गुरुद्वारा विभोर साहिब में संपन्न हुआ।  
दूल्हे के लिबास में एडवोकेट हरजोत सिंह बैंस और लाल जोड़े में उनकी पत्नी बहुत ही खूबसूरत नजर आ रहे थे। इस विवाह को लेकर गुरुद्वारा विभोर साहिब में सुरक्षा के पूर्ण इंतजाम किए गए थे। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस के शादी समारोह में पहुंचे।

इन लोगों ने की शिरकत


उनके साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री तथा आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवा और मंत्री लाल जीत भुल्लर भी समागम में शामिल हुए। नंगल के सतलुज सदन में दोपहर के खाने का प्रबंध किया गया है। नवविवाहित जोड़ी की रिसेप्शन पार्टी शनिवार शाम छह बजे नया नंगल के एनएफएल स्टेडियम में होगी।  


कौन हैं ज्योति यादव


ज्योति यादव 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और उनका परिवार गुरुग्राम में रहता है। वहीं पेशे से वकील 32 साल के हरजोत बैंस श्री आनंदपुर साहिब के गंभीरपुर गांव के हैं। बैंस आप पंजाब की युवा शाखा का नेतृत्व कर चुके हैं। 2014 में चंडीगढ़ में पंजाब विश्वविद्यालय से बीए एलएलबी (ऑनर्स) की। 2018 में बैंस ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार कानून में प्रमाण पत्र भी लिया।


पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बनने के साथ ही पार्टी के अविवाहित मंत्रियों-विधायकों ने गृहस्थी बसा लेने की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार बनने के बाद सबसे पहले पिछले साल जुलाई में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने डॉ. गुरप्रीत कौर के साथ विवाह किया था। पहली पत्नी से तलाक के बाद भगवंत मान का यह दूसरा विवाह है।

100% LikesVS
0% Dislikes