वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल पंप डीलरों को कमीशन बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनियों ने पेट्रोल पर दिए जाने वाले कमीशन में 65 पैसे प्रति लीटर और डीजल के कमीशन में 55 पैसे प्रतिलीटर की बढ़ोतरी की है। नया कमीशन 30 अक्तूबर से लागू होगा। तेल कंपनियों ने कहा है कि डीलरों का कमीशन बढ़ने के बाद भी डीजल-पेट्रोल के दाम नहीं बढ़ेंगे। वहीं इंडियन ऑयल ने अंतरराज्यीय माल ढुलाई भाड़े को सुगम बनाया है। इससे राज्यों के भीतर विभिन्न बाजारों में पेट्रोल-डीजल के खुदरा बिक्री मूल्य में कमी आएगी।
इंडियन ऑयल की ओर एक्स पर पोस्ट किया गया कि लंबे समय से चल रहे मुकदमे के बाद डीलर मार्जिन में संशोधन (30 अक्टूबर 2024 से प्रभावी) करने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। इसका डीजल-पेट्रोल के खुदरा बिक्री मूल्य पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इससे ग्राहक सेवा और रिटेल आउटलेट में कार्यरत कर्मचारियों के कल्याण को बढ़ाने का संकल्प मजबूत होगा। इंडियन ऑयल ने कहा कि हम अपने साझा लक्ष्यों और दृष्टिकोण की दिशा में काम करते हुए अपने भागीदारों और उनकी टीमों की निरंतर सफलता की कामना करते हैं।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने तेल कंपनियों के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि मैं पेट्रोल पंप डीलरों को कमीशन बढ़ाने की घोषणा और दूरदराज के स्थानों के उपभोक्ताओं को लाभ पहुंचाने के लिए अंतर-राज्य माल ढुलाई को तर्कसंगत बनाने के निर्णय का स्वागत करता हूं। इससे देश के कई हिस्सों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी आएगी।
समझिए…कैसे होगी तेल के रेट में कमी
फैसले के बाद उदाहरण के तौर पर पेट्रोल की कीमत 4.69 और 4.55 रुपये और डीजल की कीमत क्रमशः 4.45 और 4.32 रुपये कम हो जाएगी। कमीशन में वृद्धि से पेट्रोल पंप डीलर्स और देशभर के 83,000 से अधिक पेट्रोल पंपों पर काम करने वाले लगभग 10 लाख कर्मचारियों के जीवन में खुशहाली आएगी।
अभी इतना मिलता है कमीशन
मौजूदा समय में डीलरों को पेट्रोल पर कमीशन के रूप में 1.86 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 1.38 रुपये प्रति लीटर कमीशन मिलता है। इसके अलावा बिल पर कुछ मामूली फीसदी अतिरिक्त कमीशन होता है। अब पेट्रोल पर यह 0.65 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 0.44 रुपये प्रति लीटर बढ़ जाएगा।

