सीएम मान की श्री अकाल तख्त साहिब जत्थेदार को राजनीति से दूर रहने की सलाह, जत्थेदार का पलटवार मैं अपनी कौम का प्रतिनिधि हूं।

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़। 

श्री अकाल तख्त साहिब जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने राज्य सरकार को अमृतपाल मामले में पकड़े सिख युवाओं को 24 घंटे के भीतर रिहा करने का अल्टीमेटम देने के उपरांत प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जत्थेदार को राजनीति से दूर रहने की बात कही। अब जत्थेदार ने भगवंत मान की प्रतिक्रिया पर जवाब दिया है।


ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा कि भगवंत मान जी, जैसा कि आप पंजाब का प्रतिनिधित्व करते हैं, वैसे ही मैं भी अपनी कौम का प्रतिनिधि हूं। अपने पंथ के युवाओं के अधिकारों के संबंध में बात करने का मेरा भी अधिकार है। आप ठीक कह रहे हैं। अक्सर निर्दोष धार्मिक लोगों का उपयोग राजनीतिक लोग करते हैं। मुझे इस बात की जानकारी है लेकिन आपको सावधान रहना चाहिए कि कोई और अपनी राजनीतिक रोटियों को सेंकने के खातिर पंजाब को तंदूर की तरह जलाने के लिए आपका इस्तेमाल न करे।


राजनीति की बात हम बाद में करेंगे। पहले हम मिलकर पंजाब को बचाएं और घर में इंतजार कर रहीं माताओं को जेल में बंद अपने मासूम बेटों से मिलाएं और उनसे आशीर्वाद लें।


उल्लेखनीय है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार के अल्टीमेटम पर जवाब दिया था। सीएम मान ने ट्वीट किया है कि जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब जी, सबको पता है कि आप और एसजीपीसी अकाली दल बादल का पक्ष लेते रहे हैं। इतिहास देखिए कई जत्थेदारों को बादलों ने अपने स्वार्थ के लिए इस्तेमाल किया। अच्छा होता आप अल्टीमेटम गुमशुदा हुए श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के स्वरूपों के लिए जारी करते न कि हंसते बसते लोगों को भड़काने के लिए करते।


उल्लेखनीय है कि सोमवार को जत्थेदार श्री अकाल तख्त साहिब ने सिख संगठनों, सिख विद्वानों, पत्रकारों और बुद्धिजीवियों की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई थी। मीटिंग में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने कहा था कि सिख युवाओं को 24 घंटे में रिहा किया जाए और दर्ज मामले वापस लिए जाएं।

100% LikesVS
0% Dislikes