वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का विरोध किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति करती है। समान नागरिक संहिता की क्या जरूरत है? जब सामाजिक रूप से सब एक समान हो जाएंगे तो इसे लागू कर दें। देश एक गुलदस्ते की तरह है। गुलदस्ते में हर रंग के फूल हैं और हर रंग की एक अलग संस्कृति है। इससे छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री मान की यह टिप्पणी इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि आम आदमी पार्टी ने सैद्धांतिक रूप से यूसीसी का समर्थन किया है। मान ने आगे कहा कि संविधान कहता है कि पूरा समाज एक समान हो जाए तो ऐसे कोड लागू करें। क्या हम सामाजिक तौर पर बराबर हो गए हैं? अभी भी बहुत से दलित लोग हैं, जिन्हें पढ़ने का समय नहीं मिलता, अर्थव्यवस्था के कारण किसी को काम करने का समय नहीं मिलता।