एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
आम आदमी क्लीनिक में मरीजों की संख्या दोगुनी दिखाकर पैसे वसूलने का मामला सामने आया। इस पूरे प्रकरण में सरकार ने गंभीरता दिखाते हुए आम आदमी क्लीनिक में तैनात डॉ. कंवर नवजोत सिंह, फार्मासिस्ट कुबेर सिंगला और क्लीनिक सहायक मनप्रीत कौर को बर्खास्त कर दिया गया है। मामला पंजाब के बरनाला में स्थित एक गांव का बताया जा रहा हैं। उधर, बर्खास्त डॉक्टर एवं उनकी टीम के समर्थन में लोग उतर आए। उन्होंने सरकार के इस फैसले की कड़ी निंदा की तथा उन्हें बहाल करने की मांग की गई। बरनाला में आप विधायक लाभ सिंह ने बताया कि आम आदमी क्लीनिक में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। मरीजों की संख्या दोगुनी दिखाकर पैसे वसूलने का मामला उनके नोटिस में आया। मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए आम आदमी क्लीनिक में तैनात डॉ. कंवर नवजोत सिंह, फार्मासिस्ट कुबेर सिंगला और क्लीनिक सहायक मनप्रीत कौर को बर्खास्त कर दिया गया है।
यह था पूरा प्रकरण
आम आदमी क्लीनिकों में डॉक्टरों, फार्मासिस्टों और अन्य कर्मचारियों को मरीजों की संख्या के हिसाब से पैसे दिए जाते हैं। बरनाला के सिविल सर्जन डॉ. जसबीर सिंह औलख ने बताया कि उपरोक्त सभी लोग क्लीनिक में लगभग दोगुनी संख्या में मरीज दिखा रहे थे। जांच के बाद 24 अप्रैल से उनकी सेवाएं खत्म करने के लिए पत्र जारी कर दिया है।
बर्खास्त डॉक्टर और स्टाफ ने दी यह सफाई
वहीं, फैसले के खिलाफ गांव उगोके के लोग डॉक्टर और स्टाफ के पक्ष में आ गए हैं। इस बारे में कल एक बड़ी सभा की घोषणा की गई है। इस बारे में डॉ. कंवर नवजोत सिंह ने कहा कि हम पर लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे हैं। दिखाए गए मरीजों की संख्या बिल्कुल सही है। एक-एक मरीज के पास जाकर उनकी जानकारी ली जा सकती है, जिस रिपोर्ट के आधार पर उन्हें हटाया जा रहा, वह फर्जी रिपोर्ट है।

