वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पंजाब के उप चुनाव के लिए 3 सीटों पर अपने प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। वहीं, चब्बेवाल सीट पर फाइनल करने के लिए मंथन जारी है। गिद्दड़बाहा सीट से मनप्रीत बादल, डेरा बाबा नानक से रविकरण काहलों और बरनाला केवल सिंह ढिल्लों को टिकट दिया गया है।
….कुछ इस प्रकार से रहा प्रत्याशियों का इतिहास
पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल कांग्रेस छोड़कर करीब डेढ़ साल पहले ही भाजपा में शामिल हुए हैं। मनप्रीत ने ही 2011 में अपनी पार्टी ‘पीपुल्स पार्टी ऑफ पंजाब’ (पीपीपी) में भगवंत मान को शामिल कर 2012 विधानसभा चुनाव में लहरा सीट से प्रत्याशी बनाया था। भगवंत मान पीपीपी के चुनाव चिह्न पतंग के साथ चुनाव मैदान में उतरे लेकिन उनकी पतंग उड़ान नहीं भर सकी।
डेरा बाबा नानक से भाजपा प्रत्याशी रविकरण काहलों निर्मल सिंह काहलों के बेटे हैं। निर्मल सिंह काहलों को पूर्व सीएम प्रकाश बादल के बेहद नजदीक माना जाता था। निर्मल सिंह काहलों अपने जीवन काल के दौरान जिला गुरदासपुर के हलका फतेहगढ़ चूड़ियां से विधायक का चुनाव लड़ते रहे। शिरोमणि अकाली दल बादल की सरकार के समय कैबिनेट मंत्री और पंजाब विधानसभा के स्पीकर के पद पर भी रहे।
बरनाला सीट से भाजपा उम्मीदवार केवल सिंह ढिल्लों भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। जब वह कांग्रेस में थे तब बरनाला विधानसभा सीट पर वर्ष 2007 से 2017 तक कांग्रेस काबिज रही है। केवल सिंह ढिल्लों यहां से जीत दर्ज करते रहे हैं, लेकिन वर्ष 2017 में गुरमीत सिंह मीत हेयर ने यहां से जीत दर्ज करके आप की झोली में यह सीट डाल दी और 2022 विधानसभा चुनाव में भी अपनी जीत जारी रखी।

