वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।

ओमान की राजधानी मस्कट में भारतीय महिलाओं का नौकरी के नाम पर आर्थिक और मानसिक शोषण करने का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिछले दिनों पंजाब के एक गांव की 26 वर्षीय शादीशुदा महिला के भारतीय दूतावास की मदद से व्हाइट पासपोर्ट पर लौटने के बाद अब ऐसा ही मामला सामने आया है। यह भी महिला पंजाब की है। नारकीय जीवन जीने के बाद दो दिन पहले मानव तस्करों के चंगुल से बचकर महिला अपने घर पहुंच गई है।
यह बताई कहानी पीड़ित महिला ने
भारत वापस आने से पहले पीड़ित महिला ने ओमान के मस्कट स्थित गुरुद्वारा साहिब में दो महीने छिपकर दिन काटे। महिला की शिकायत पर पंजाब के जीरा की महिला ट्रेवल एजेंट जसपाल कौर, कर्नाटक बेंगलुरु के अलबक्श और ओमान में भारतीय मूल के मानव तस्कर मोहम्मद हाशिम के खिलाफ बंदी बनाकर बेचने और साजिश रचकर धोखाधड़ी करने समेत पंजाब ट्रेवल प्रोफेशनल रेगुलेशन एक्ट 2014 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया यह
मुकदमे की जांच डीएसपी जगरांव सतविंदर सिंह विर्क खुद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पंजाब और बेंगलुरु के ट्रेवल एजेंट जसपाल कौर और अलबक्श को गिरफ्तार करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ओमान में रह रहे मानव तस्कर मोहम्मद हाशिम के प्रत्यर्पण की कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आरोपी को बक्शा नहीं जाएगा।
यह बताया शिकायत में पीड़ित महिला ने
महिला ने शिकायत में बताया कि वह बेहतर भविष्य और परिवार की गरीबी दूर करने के लिए अच्छी नौकरी की तलाश में थी। इस दौरान वो विदेश जाने के भी सपने देखने लगी लेकिन इनका अंत ऐसा भयावह होगा सोचा नहीं था। जीरा की ट्रेवल एजेंट जसपाल कौर के बारे में किसी ने बताया तो उससे फोन पर संपर्क किया। जसपाल कौर ने विदेश जाकर काम करने की सलाह दी। कुछ दिन बाद जसपाल कौर उनके घर आई और ओमान मस्कट में नौकरी की पेशकश की।

