वरिष्ठ पत्रकार विजय शर्मा.नितिन धवन.चंडीगढ़।
पंजाब के 4 पूर्व कांग्रेसी मंत्री भाजपा में शामिल हो गए हैं। इनमें राजकुमार वेरका, शाम सुंदर अरोड़ा, गुरप्रीत कांगड़ और बलबीर सिद्धू शामिल हैं। इनके अलावा महिंदर कौर जोश और केवल ढिल्लो ने भी भाजपा ज्वाइन कर ली है। इनकी शमूलियत भाजपा के केंद्रीय मंत्री अमित शाह की उपस्थिति में हुई। मोहाली से नगर निगम के मेयर अमरजीत सिंह ने भी भाजपा ज्वाइन कर ली है। बठिंडा से अकाली दल नेता रहे सरूप चंद सिंगला ने भी भाजपा ज्वाइन कर ली है। जल्द ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन्हें भाजपा की प्राथमिक सदस्यता दिलाएंगे।
जाखड़ के साथ एक वीडियो में आए थे सामने
इससे पहले यह चारों पूर्व मंत्री सुनील जाखड़ के साथ नजर आए थे। इसका एक वीडियो सामने आया था। जिसमें सभी पूर्व कांग्रेसी मंत्री खुशनुमा मूड़ में नजर आ रहे हैं। सुनील जाखड़ ने हाल ही में कांग्रेस छोड़ी थी। जिसके बाद वह कांग्रेस को लगातार झटका देने में लग गए हैं।
कांग्रेस को मालवा, माझा और दोआबा से बड़ा झटका
राजकुमार वेरका पंजाब के माझा इलाके में अमृतसर से आते हैं। वह बड़े दलित नेता हैं। इस बार वह चुनाव हार गए, लेकिन उनका दबदबा बरकरार है। वहीं गुरप्रीत कांगड़ मालवा से कांग्रेसी दिग्गज हैं। वह कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी रहे हैं। बलबीर सिद्धू मोहाली से हैं, जबकि शाम सुंदर अरोड़ा होशियारपुर से आते हैं और पिछली कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
तरुण चुघ बोले- यह तो ट्रेलर, पिक्चर अभी बाकी है
भाजपा के महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि यह तो सिर्फ ट्रेलर है। असली पिक्चर अभी बाकी है। उन्होंने इशारा किया कि कांग्रेस के कई और दिग्गज भाजपा में शामिल होंगे। चुघ ने कहा कि कांग्रेस से लोगों का विश्वास उठ चुका है। आम आदमी पार्टी का काम भी लोग देख रहे हैं। इसलिए पंजाब के भले के लिए लोगों की आस अब भाजपा पर टिकी है। भाजपा उनकी उम्मीदों पर जरूर खरा उतरेगी।