खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के करीबी से जुड़ी खबर……वीडियो को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले के खिलाफ केस

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़। 

खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के करीबी से जुड़ी खबर के वीडियो को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। अब इस मामले में स्टेट साइबर सेल ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस इस अकाउंट धारक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने दावा किया है किसी को भी इस तरह माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।


एसएसपी का एक पत्र मिला


इस संबंध में स्टेट साइबर सेल को फाजिल्का के एसएसपी का एक पत्र मिला। पत्र के मुताबिक थाना अरनीवाला में तैनात एसआई गुरनाम सिंह ने बताया कि 23 मार्च को अमृतपाल के एक समर्थक को गिरफ्तार किया था और अर्निवाला थाने में केस भी दर्ज किया था। उनकी तरफ से इस संबंध में एक मीडियाकर्मी को सूचना दी थी। इसके बाद दो नामी चैनलों पर इससे जुड़ी बिल्कुल सही खबर चलाई गई। यह वीडियो करीब छह मिनट का था।

वीडियो को डाउनलोड कर उसे एडिट किया 


मगर इसी बीच किसी शरारती तत्व ने उस चैनल के वीडियो को डाउनलोड कर उसे एडिट किया और तीन मिनट का वीडियो फेसबुक पर अपलोड कर दिया। गलत खबर यह चलाई कि अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि ऐसा कुछ नहीं था। किसे गिरफ्तार किया गया है… यह बाइट में बिल्कुल स्पष्ट है।


फेक खबर फैलाने वाले फेसबुक पेज की जानकारी जुटाई


फेक खबर फैलाने वाले फेसबुक पेज की जानकारी जुटा ली गई है। वहीं केस भी दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की पड़ताल की जा रही है। बता दें कि अब तक स्टेट साइबर सेल 3 केस दर्ज कर चुका है जबकि करीब एक हजार पोस्ट को ब्लॉक किया गया है। 

100% LikesVS
0% Dislikes