राज्य ब्यूरो.एसएनई नेटवर्क।
पंजाब की गोइंदवाल जेल में मूसेवाला के कातिलों के बीच हुई गैंगवार के 2 वीडियो सामने आए हैं। ये वीडियो लॉरेंस गैंग के सचिन भिवानी ने बनाए हैं। इसमें अंकित सेरसा के अलावा उसके दूसरे साथी गैंगस्टर भी नजर आ रहे हैं। ये सब गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के गुर्गे मनदीप तूफान और मनमोहन सिंह मोहना के कत्ल का जश्न मना रहे हैं। दोनों वीडियो सामने आने के बाद जेल में मोबाइल इस्तेमाल होने को लेकर पंजाब सरकार में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों वीडियो की जांच शुरू कर दी है। पंजाब सरकार ने जेल सुपरिटेंडेंट सहित 7 अधिकारियों व कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है।
वीडियो में क्या है सच्चाई
पहला वीडियो: सचिन के साथ नजर आए सुरक्षाकर्मी सचिन भिवानी जेल के अंदर मारकर फेंके गए मनदीप तूफान और मनमोहन मोहना के शव दिखा रहा है। इस दौरान जेल के सुरक्षाकर्मी भी नजर आ रहे हैं। मगर सचिन भिवानी व उसका साथी गैंगस्टर खुलेआम दोनों के शव दिखाकर अपनी पीठ थपथपा रहे हैं।
दूसरा वीडियो: धमकी दी मूसेवाला को मारा, किसी को नहीं छोड़ेंगे
सचिन भिवानी के साथ लॉरेंस के बाकी गुर्गे इकट्ठा हैं। जिसमें वह तूफान और मोहना को मारने का जश्न मना रहे हैं। वह धमकी भी दे रहे हैं कि हमने मूसेवाला को मारा है तो अब किसी को नहीं छोड़ेंगे। 6 दिन पहले गोइंदवाल जेल में लॉरेंस और जग्गू के गुर्गों में गैंगवार हुई थी। जिसमें मनदीप तूफान और मोहना की मौत हो गई जबकि केशव गंभीर रूप से घायल हो गया था।
गैंगवार में शामिल गैंगस्टर
इस केस में पुलिस ने मनप्रीत भाऊ, सचिन भिवानी, राजिंदर जोकर, अंकित सेरसा, कशिश, अरशद खान और मलकीत कीता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।
इन अधिकारियों पर हुई बड़ी कार्रवाई
गोइंदवाल साहिब में हुई गैंगवार की वीडियो के वायरल होने के बाद पंजाब सरकार ने जेल सुपरिटेंडेंट सहित 7 अधिकारियों व कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। जिनमें जेल सुपरिंटेंडेंट इकबाल सिंह, असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट विजय कुमार, एडिशनल सुपरिटेंडेंट जसपाल सिंह खैहरा, एएसआई हरचरण सिंह व गुरविंदर सिंह, हेड कांस्टेबल सुरिंदर सिंह और सहायक सुपरिंटेंडेंट हरीश कुमार शामिल हैं। IG हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह का कहना है कि एक इस मामले में वीडियो में दिखने वाले गैंगस्टरों के अलावा इन अधिकारियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
इन-इनकी हुई अब तक गिरफ्तारी
वहीं, इस मामले में पांच जेल अधिकारी व कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिनमें इकबाल सिंह, विजय कुमार, हरीश कुमार, हरचरण सिंह व गुरविंदर सिंह शामिल हैं। आईजी हेडक्वार्टर सुखचैन सिंह का कहना है कि यह सभी कैदी हाई सिक्योरिटी ब्लॉक में बंद थे। इसके बावजूद अंदर मोबाइल गए। जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
मूसेवाला के कत्ल उपरांत भी मनाया था जश्न
29 मई को सिद्धू मूसेवाला के मर्डर के बाद भी इन कातिलों ने जमकर जश्न मनाया था। पुलिस ने इसका वीडियो अंकित सेरसा के मोबाइल से बरामद किया था। वीडियो में शार्प शूटर प्रियव्रत फौजी कार की आगे वाली सीट पर बैठा हुआ था और सचिन भिवानी कार चला रहा था। शार्प शूटर अंकित सेरसा और दीपक मुंडी के साथ कपिल पंडित पीछे बैठे हथियार लहरा रहे थे।

