एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पटियाला के थाना बख्शीवाला के गांव ददरेड़ा में खेत मजदूर का बेरहमी से कत्ल करने का मामला सामने आया है। मजदूर की लाश खेतों में बनी मोटर पर मिली है। मृतक की पहचान अरुण कुमार के तौर पर हुई है। पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। डीएसपी जसविंदर सिंह टिवाणा के मुताबिक मजदूर अरुण कुमार के सिर और मुंह पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। फिलहाल मामले में जांच जारी है। हत्या के कारणों व आरोपियों के बारे में जल्द पता लगाकर खुलासा किया जाएगा।
मुक्तसर: ड्रेन में मिला नर कंकाल
हरमन हत्याकांड में लखनऊ एयरपोर्ट से पकड़े गए मुख्यारोपी नवजोत सिंह की निशानदेही पर सोमवार को जिला पुलिस ने निर्मल सिंह का शव ढूंढने के लिए गांव भुल्लर चंद्रभान ड्रेन में करीब सात घंटे सर्च अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस को कई टुकड़ों में रस्सी से बंधा एक नर कंकाल मिला है। जिसे नायब तहसीलदार बलजिंदर सिंह की निगरानी में ड्रेन से बाहर निकाला गया। कंकाल में खोपड़ी, हाथ-पांव सहित अन्य अंग अलग-अलग पड़े मिले। खोपड़ी पर किसी नुकीली चीज से वार का निशान हैं। कंकाल के साथ बूट भी मिले। निर्मल के पारिवारिक सदस्य, रिश्तेदार भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने बूट निर्मल सिंह का होने की बात कही। डीएसपी गिद्दड़बाहा जसबीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले में जांच की जा रही है।

