एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
लगता है पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के विदेश से वापस लौटने पर मुश्किलें अधिक बढ़ने जा रही है, क्योंकि, चन्नी को जिला मुक्तसर अदालत ने चुनाव आचार संहिता में पेश होने के लिए बुला लिया। इसके लिए अदालत द्वारा जारी समन को पूर्व मुख्यमंत्री ने रिसीव भी कर लिया। 12 जनवरी को चन्नी को अदालत में पेश होना तथा अपना जवाब अधिवक्ता के माध्यम से पेश करना होगा। फिलहाल, कुछ समय पहले ही चन्नी विदेश से अपनी पीएचडी की शिक्षा पूरे करने उपरांत भारत वापस लौटे थे। विरोधियों को जवाब देते हुए चन्नी ने राष्ट्रीय कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी से दिल्ली में मुलाकात की थी।
सिद्धू मूसेवाला के परिवार से की थी मुलाकात
पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला के परिवार से मंगलवार को उनके आवास मूसेवाला गांव पहुंचे थे। वहां पर मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह से बेटे की मौत पर संवेदना जताई तथा कहा कि वह उनके साथ खड़े हैं। बताया जा रहा है कि देर सायं साढ़े पांच बजे वहां से वापस लौट गए थे। उसके उपरांत पुलिस के अधिकारी पूर्व सीएम चन्नी को समन रिसीव करने के लिए पहुंचे थे।
हार के उपरांत बना ली थी राजनीति से दूरी
पंजाब विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी और स्वयं भी दो सीटों में करारी हार के बाद चन्नी राजनीति से दूरी बनाते हुए विदेश चले गए और प्रदेश की सियासत को लेकर उन्होंने पूरी तरह चुप्पी साध ली थी। उनकी इस चुप्पी का आलम यह रहा कि विदेश प्रवास के दौरान वह किस देश में हैं, इसे लेकर भी पंजाब में कयास लगाए जाते रहे। उनके कभी कनाडा, अमेरिका तो कभी यूरोप के किसी अन्य देश में होने की बात कही जाने लगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विधानसभा सत्र के दौरान कहा था कि चन्नी के बारे में कुछ पता नहीं लगा, हालांकि ऐसी कई बातें हैं जिनके बारे में उनसे पूछना-जानना जरूरी है।
गलत फाइल पास करने का लगा था आरोप, चन्नी ने किया था खंडन
इसके बाद चन्नी ने उस समय चुप्पी तोड़ी जब पंजाब की आप सरकार ने उन पर मुख्यमंत्री रहते गलत फाइलों को पास करने का आरोप लगाया। तब यह भी कहा गया कि चन्नी के पंजाब लौटते ही पूछताछ की जाएगी क्योंकि फिलहाल चन्नी कहां है, इसकी जानकारी नहीं मिल रही। तब चन्नी ने विदेश से अपने मोबाइल नंबर की जानकारी देते हुए कहा कि उनका मोबाइल फोन 24 घंटे खुला रहता है और उनसे किसी भी समय संपर्क किया जा सकता है।

