एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाबी सिंगर मनकीरत औलख को धमकी मिली है। यह धमकी गैंगस्टर दविंदर बंबीहा के ग्रुप ने दी है। धमकी के बाद औलख ने पंजाब पुलिस को सूचित किया है। उन्होंने सिक्योरिटी मांगी है। हालांकि पुलिस की तरफ से अब सिक्योरिटी से जुड़ा मसला गुप्त रखा जा रहा है।
बंबीहा गैंग को अब अर्मीनिया की जेल में बैठा गैंगस्टर लक्की पटियाल चला रहा है। पंजाब में उसके भी काफी गुर्गे हैं। जिसकी वजह से धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है। औलख पर गैंगस्टर लॉरेंस के करीबी होने के आरोप हैं। लॉरेंस गैंग ने ही सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली है।
बंबीहा ग्रुप ने मूसेवाला हत्याकांड में औलख पर उठाए सवाल
गैंगस्टर बंबीहा गैंग ने मूसेवाला की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली। इसमें कहा कि लॉरेंस और गोल्डी बराड़ ने मूसेवाला को मारकर गलत किया है। इस कत्ल में सिंगर मनकीरत औलख का पूरा हाथ है। वह सारे सिंगर से पैसे इकट्ठा करता है। वह उनकी पर्सनल इन्फॉर्मेशन लॉरेंस को देता है। मनकीरत औलख को सिक्योरिटी दी हुई है। बिना बात के मूसेवाला की सिक्योरिटी छीनकर शोर मचा दिया गया। मूसेवाला का किसी गैंगस्टर से कोई कॉन्टैक्ट नहीं था।
गौंडर ग्रुप ने औलख की सिक्योरिटी पर उठाए थे सवाल
विक्की गौंडर ग्रुप ने लिखा कि सिद्धू मूसेवाला का कत्ल रुपयों के लिए हुआ है। इसके पीछे सिंगर मनकीरत औलख है। जितने भी सिंगर हैं, मनकीरत औलख उन सबकी पर्सनल इन्फॉर्मेंशन गैंगस्टर लॉरेंस और गोल्डी बराड़ के साथ शेयर करता था। मनकीरत औलख की सिक्योरिटी क्यों वापस नहीं ली गई?