बदतर जिंदगी जी रही अरब देश में गई पंजाबी लड़कियां…..एजेंट बेच रही 1500 रियाल में इनकी जिंदगी, भारत लौट सुनाई आपबीती

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़। 

बहुत सारी पंजाबी लड़कियां दुबई, ओमान, आबूधावी, मस्कट समेत अन्य देशों में फंसी हुई हैं। इस बात का खुलासा ओमान से लौटी चरणजीत कौर, संदीप कौर और अन्य लड़कियों ने किया। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली के एक ट्रैवल एजेंट के माध्यम से विदेश गई थीं। एजेंट ने उन्हें ओमान में मूल रूप से दिल्ली की ही रहने वाली नीतू नामक महिला के पास भेजा था। एजेंट नीलू के माध्यम से खरीद-फ़रोख़्त करते हैं।


रखवा लिए उनके पासपोर्ट


भारत लौटी लड़कियों ने बताया कि जब वह एजेंट के कहे अनुसार नीलू के पास ओमान में गई तो नीलू ने उनके पासपोर्ट अपने पास रख लिए। उन्हें कहा कि वह उन्हें काम दिला देगी। इसके बाद उन्हें अलग-अलग जगहों पर काम के लिए घरों में भेज दिया। लड़कियों ने कहा कि उनसे घरों में काम तो करवाया लेकिन उन्हें वेतन नहीं दिया।
चरणजीत ने कहा कि उसके पास जो 50 हजार रुपया था वह भी ले लिया। भारत लौटी तीनों लड़कियां अमृतसर, बटाला और संगरूर की हैं। चरणजीत और संगरूर की लड़की ने बताया कि नीलू 1500 रियाल (भारतीय करेंसी के अनुसार ढाई से तीन लाख रुपए) में बेच देते हैं। फिर लड़कियों से गुलामों की तरह काम लिया जाता है।


15-16 घंटे लेते हैं काम


संगरूर निवासी लड़की जिसने अपना नाम गुप्त रखने के लिए कहा ने बताया कि उसे कहा गया था कि घरों में काम करना है। यदि उसका काम पसंद आया तो दो साल का वर्क परमिट लगवा देंगे। लेकिन उसे नीलू की चाल समझ में आ गई। लड़की ने बताया कि उसे घर पर सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे तक काम के लिए कहा गया था। लेकिन काम रात 11 बजे तक लिया जाता था।


कई जगह लड़कियों की जिंदगी नरक


लड़कियों ने बताया कि जब नीलू लड़कियों को आगे शेखों के पास बेच देती है तो फिर उसके बाद लड़कियों की जिंदगी नरक बन जाती है। शेख लड़कियों को गुलामों की तरह रखते हैं। उनसे हर तरह के काम करवाते हैं। घरों के काम के साथ-साथ उनका शोषण भी करते हैं। यहां तक कि लड़कियों के मना करने पर उन्हें यातनाएं दी जाती हैं।

100% LikesVS
0% Dislikes