बेअदबी मामला…..अपराधी पर वकील ने तानी पिस्टल, बाल-बाल बचा,हिरासत में लिया

एसएनई नेटवर्क.रोपड़। 

मोरिंडा स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री कोतवाली साहिब में हाल ही में हुई बेअदबी की घटना का आरोपी जसवीर सिंह गुरुवार को रोपड़ अदालत परिसर में उस समय बाल-बाल बच गया, जब पेशी के लिए लाते समय एक वकील ने उस पर पिस्तौल तान दी। इससे पहले की वह गोली चलाता पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। उसे हिरासत में ले लिया गया है।

दो दिन का रिमांड पूरा होने के बाद गुरुवार को पुलिस जसवीर सिंह को अदालत लाई थी। उसे कड़ी सुरक्षा में अदालत परिसर लाया गया। जैसे ही उसे अदालत में पेश किया गया, वहां मौजूद एक वकील साहिब सिंह खुरल ने पिस्टल निकाल ली। पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए वकील को दबोचकर उसके हाथ से पिस्तौल छीन ली। वकील सादे कपड़ों में था। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने वकील को हिरासत में ले लिया और अदालत से आम लोगों को बाहर निकाल दिया। पूरे घटनाक्रम पर अदालत की महिला जज ने भी नाराजगी जाहिर की।


आरोपी का रिमांड दो दिन बढ़ा


पुलिस ने कोर्ट में कहा कि आरोपी जांच में अब तक सवालों के स्पष्ट जवाब नहीं दे रहा है। उसके दो मोबाइल फोन में से एक फोन की कॉल्स डिटेल आना अभी बाकी है। उसके डोप टेस्ट के लिए नशे संबंधी सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इसकी रिपोर्ट भी अभी नहीं आई है। इस पर अदालत ने आरोपी का पुलिस रिमांड दो दिन और बढ़ा दिया। पुलिस को अगली पेशी पर आरोपी का मेडिकल कराने और सैंपल की रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए। आरोपी जसवीर सिंह को अब 29 अप्रैल को अदालत में पेश किया जाएगा।


यह है मामला


सिख युवक जसवीर सिंह सोमवार को जूतों के साथ गुरुद्वारा श्री कोतवाली साहिब में दाखिल हो गया था। अंदर घुसते ही उसने पाठी सिंहों के साथ मारपीट शुरू कर दी और श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की। इसके बाद लोगों ने उसे दबोच लिया और पीटते हुए बाहर ले गए। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी पर धार्मिक भावनाएं भड़काने और हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था।

100% LikesVS
0% Dislikes