राज्य ब्यूरो.चंडीगढ़।
आप नेताओं के पैसे के लेनदेन के दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पंजाब की राजनीति गरमा गई है। यह मामला विधानसभा में भी गूंजा। कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने मामला उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान से जवाब मांगते हुए दोनों आप नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस बीच वीडियो के संबंध में दोनों आरोपी नेताओं ने इसे विरोधियों की साजिश बताया है
पहला वायरल वीडियो
एक वीडियो में कथित तौर आम आदमी पार्टी मानसा के शहरी अध्यक्ष किसी व्यक्ति से सरकारी काम के बदले पैसे लेते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह कह रहे हैं कि यह काम पक्का होना चाहिए। पैसे देने वाला व्यक्ति वीडियो में इसको छोटी सी भेंट बताकर उनके हाथ में 500 रुपये की गड्डी पकड़ा रहा है। आम आदमी पार्टी के नेता कहते सुनाई पड़ रहे हैं कि ‘यह स्पष्ट बात है कि उनके पास आए हुए पैसे फिर वापस नहीं होते।’
दूसरा वायरल वीडियो
दूसरे वीडियो में कथित रूप से आप नेता और मार्केट कमेटी मानसा के चेयरमैन किसी व्यक्ति से काम के बदले डेढ़ लाख रुपये की बात करके अपने किसी नजदीकी को 30 हजार रुपये देने की बात कर रहा है। वीडियो में यह पैसे कथित रूप से आप के यूथ विंग के अध्यक्ष किसी व्यक्ति से लेकर जेब में डाल रहे हैं और कह रहे हैं कि बाकी के पैसे भी शीघ्र दे दो। वीडियो में पैसे देने वाला व्यक्ति भी बाकी भुगतान शीघ्र किए जाने की बात करता है।
खैरा ने कहा, भ्रष्टाचार पर बड़े दावे करने वाले सीएम अपने नेताओं का हाल देखें
इन दोनों वीडियो के वायरल होने के बाद मानसा की राजनीति में खलबली मच गई है। आप नेता विरोधियों और आम लोगों के निशाने पर आ गए। आप के बड़े नेताओं ने इस बारे मुंह नहीं खोला है। कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने विधानसभा में इन वीडियो को लेकर राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि विधानसभा में भ्रष्टाचार के विरुद्ध बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री अपनी पार्टी के नेताओं का किरदार व हाल देख लें, जो छोटे-मोटे कामों और बदलियों के लिए भी लोगों से पैसे बटोर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सीएम मान दोनों आप नेताओं के खिलाफ तुरंत एक्शन लें। चूंकि उस समय सदन में मुख्यमंत्री मौजूद नहीं थे तो कृषि मंत्री कुलदीप धालीवाल और खैरा के बीच इसे लेकर नोकझोंक भी हुई।
विजिलेंस केस दर्ज करें शिअद
इसके अलावा शिअद व्यापार सेल के नेता हनीष बंसल ने विजिलेंस ब्यूरो से दोनों वायरल वीडियो को लेकर इन आप नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार एक्ट के अधीन मामला दर्ज करने की मांग की है साथ ही मुख्यमंत्री से दोनों को पार्टी से बाहर करने की मांग की है।
आरोपियों ने दी सफाई
पहला वीडियो के मामले में मार्केट कमेटी मानसा के चेयरमैन ने कहा कि उन्होंने दिसंबर महीने में शहर में लंगर सेवा चलाई थी, जिसमें यह व्यक्ति उनके दोस्त को लंगर सेवा के नाम पर पैसे दे रहा है। इसमें काम करवाने बदले पैसे लेने वाली कोई बात नहीं है। उन्होंने कहा कि ‘आप’ नेता हरजीत सिंह दंदीवाल ने ट्रांसपोर्ट के टेंडर भरे हुए हैं, जिस कारण वह विरोधियों के निशाने पर हैं। दूसरे वीडियो के बारे में ‘आप’ के शहरी का कहना है कि न तो वह कोई लोक नुमाइंदे हैं और न ही उन्होंने किसी का कोई काम करवाया है या इसके लिए किसी को कोई हामी भरी है। उन्होंने कहा कि वीडियो में जो पैसे उनको कोई व्यक्ति दे रहा है, वह उनके कारोबार का लेनदेन है।

