मंत्री आप की रडार पर….भ्रष्टाचार पर पार्टी का विशेष फोकस…बर्खास्त स्वास्थ्य मंत्री विजय सिंगला की रिपोर्ट पार्टी की समीक्षा में सबसे खराब 

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।

पंजाब सरकार के मंत्री सत्तासीन आम आदमी पार्टी के रडार पर हैं। अब तक पार्टी की समीक्षा में मुख्यमंत्री भगवंत मान की कैबिनेट के छह मंत्रियों का काम बढ़िया मिला है, जबकि तीन मंत्रियों के काम पर संतोष जताया गया है। समीक्षा में भ्रष्टाचार पर पार्टी ने विशेष फोकस किया है। पार्टी मंत्रियों के कार्यों की छह महीने तक समीक्षा करेगी, जिसके बाद पार्टी संयोजक और मुख्यमंत्री की सहमति के बाद मंत्रियों के विभागों में बदलाव किया जाएगा।


बर्खास्त सेहत मंत्री विजय सिंगला की रिपोर्ट पार्टी की समीक्षा में सबसे खराब बताई जा रही थी। पंजाब में इस बार आम आदमी पार्टी ने बड़ा उलटफेर करते हुए 92 सीटों पर जीत हासिल कर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाई है। मुख्यमंत्री के तौर पर भगवंत मान ने १६ मार्च को शपथ ली थी। शपथ लेने के साथ ही मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार बनाने की घोषणा की थी।

मंत्रिमंडल के मंत्रियों के कामकाज की गई समीक्षा
आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी सरकार बनते ही भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने का दावा किया था। आम आदमी पार्टी के सूत्रों ने बताया कि इन्हीं दावों के बीच पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा मान सरकार के 10 कैबिनेट मंत्रियों के कार्यों की समीक्षा कराई जा रही है। पार्टी की इस समीक्षा का मुख्य उद्देश्य देश के दूसरे राज्यों में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार का संदेश देना है।
अब तक पार्टी स्तर पर मंत्रियों की हुई समीक्षा में छह मंत्रियों के कार्य को बेहतर बताया गया है। अन्य तीन मंत्रियों की समीक्षा रिपोर्ट अच्छी नहीं आई है। बताया जा रहा है कि पार्टी अभी इस मामले में कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाएगी, छह महीने तक उनके कामों पर पार्टी के समीक्षक नजर रखेंगे। 

बड़ा संदेश देने की सफल कोशिश की  
समीक्षा का समय पूरा होने के बाद ही मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व कोई बड़ा फैसला करेगा। स्वास्थ्य मंत्री पर मुख्यमंत्री द्वारा की गई बर्खास्तगी की कार्रवाई इसी समीक्षा का हिस्सा है। इस कार्रवाई से कैबिनेट मंत्रियों के साथ ही पंजाब और दूसरे राज्यों में भी पार्टी ने बड़ा संदेश देने की सफल कोशिश की है।


इन मंत्रियों का काम बढ़िया
आप की समीक्षा में जिन मंत्रियों का काम बढ़िया मिला है उनमें छह नाम शामिल हैं। इन नामों में सबसे बड़ा नाम हरपाल सिंह चीमा का है। यह अभी सरकार के अहम मंत्रालय वित्त की देखरेख कर रहे हैं। दूसरे नंबर पर कुलदीप सिंह धालीवाल हैं, जो पंचायत मंत्री हैं। तीसरे नंबर पर शिक्षा मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर को रखा गया है। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री लालचंद, हरजोत सिंह बैंस और हरभजन सिंह ईटीओ के काम को अच्छा बताया गया है। वहीं डॉ. बलजीत कौर, लालजीत सिंह भुल्लर और ब्रह्मा शंकर जिंपा के काम पर संतोष जताया गया है।

100% LikesVS
0% Dislikes