वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब के यातायात को दुरुस्त करने और हादसों को रोकने के लिए कनाडा की तर्ज पर सूबे में सड़क सुरक्षा बल का गठन किया जाएगा। यह ऐलान शुक्रवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संगरूर में एक कार्यक्रम के दौरान किया। मान ने कहा कि बल को सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए रैश ड्राइविंग की जांच करने और सड़कों पर वाहनों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करने का काम सौंपा जाएगा। इससे पुलिस थानों में तैनात पुलिसकर्मियों पर बोझ कम होगा।
इस बात पर व्यक्त की चिंता की
सीएम मान ने सड़क हादसों में होने वाली मौतों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। वह कई मोर्चों पर काम कर रही है। सड़क सुरक्षा बल का गठन भी सरकार की नीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसी भी तरह की जनहानि को रोकने के लिए सड़कों पर ब्लैक स्पॉट को हटाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
ऐसे करेगी टीम काम
सड़क सुरक्षा बल को आधुनिक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। इनकी वर्दी से लेकर गाड़ियों का रंग अलग होगा। इसका काम सिर्फ सड़कों पर ट्रैफिक रूल सख्ती से लागू करने, ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करना, सड़क हादसों से निपटना होगा।

