वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर.चंडीगढ़।
सिख श्रद्धालुओं का जत्था 4 नवंबर को पाकिस्तान के लिए रवाना होगा। यह जत्था सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के गुरपुरब के उपलक्ष्य पर जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस बार जत्थे की कुल संख्या करीब 1800 हैं। इस बात की पुष्टि, शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने एक प्रेस रिलीज जारी कर की।
जानिए, एसजीपीसी सचिन ने क्या बोला
शिरोमणि कमेटी के सचिव प्रताप सिंह ने बताया कि हर वर्ष गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर एसजीपीसी की ओर से श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान भेजा जाता है, ताकि वे वहां स्थित ऐतिहासिक गुरु धामों के दर्शन कर सकें। इस वर्ष 1802 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा प्रक्रिया के लिए पाकिस्तान दूतावास को भेजे गए थे, जिनमें से 1796 श्रद्धालुओं को वीजा प्राप्त हो चुका है।
भारत-पाकिस्तान सरकार का धन्यवाद
प्रताप सिंह ने गुरु साहिब के प्रकाश पर्व पर श्रद्धालुओं को वीजा जारी करने के लिए भारत और पाकिस्तान सरकार का धन्यवाद किया। जिन श्रद्धालुओं को वीजा लग चुका है, वे 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को शिरोमणि कमेटी कार्यालय से अपने पासपोर्ट प्राप्त कर सकते हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार, यह जत्था 4 नवंबर को वाघा बॉर्डर के रास्ते श्री ननकाना साहिब पाकिस्तान के लिए रवाना होगा। वहां श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व से संबंधित मुख्य समारोहों में भाग लेने के बाद जत्था विभिन्न पवित्र गुरु धामों के दर्शन करेगा और 13 नवंबर को भारत लौट आएगा।

