वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर.चंडीगढ़।
पाकिस्तान से जुड़े हथियार और नार्को नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने रविवार को दावा किया। 5 कथित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए अपराधी 20-30 वर्ष के बीच की आयु के बताए जा रहे हैं। उनके कब्जे से 1.01 किलो हेरोइन के साथ 6 अत्याधुनिक पिस्तौलें बरामद की हैं। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।

जानिए..क्या है कथित अपराधियों की पहचान
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अमृतसर ग्रामीण के पंडोरी गांव निवासी आकाश मसीह और प्रिंस, अमृतसर ग्रामीण के चौगावां गाँव निवासी करणबीर सिंह उर्फ करण, अमृतसर ग्रामीण के हेतमपुरा गांव निवासी सुखविंदर सिंह और तरनतारन के लाहियाँ गाँव निवासी गुरभेज सिंह उर्फ भेजा के रूप में हुई है। बरामद पिस्तौलों में पाँच .30 बोर और एक 9MM ग्लॉक शामिल है।
पाक से था संबंध….कैसे मंगवाते थे खेप तथा हथियार..समझिए, इन बिंदुओं को….?
डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया के ज़रिए पाकिस्तान स्थित संचालकों के साथ मिलकर पंजाब में अवैध हथियार और नशीले पदार्थ इकट्ठा कर रहे थे और उनकी आपूर्ति कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी आरोपी अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित गांव के रहने वाले हैं और अपने संचालकों के निर्देशानुसार खेप प्राप्त कर रहे थे। इस मामले में संचालकों की पहचान करने और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे की जांच जारी है।
…ऐसे हुई गिरफ्तारी
अमृतसर के पुलिस आयुक्त (सीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने ऑपरेशनल विवरण साझा करते हुए बताया कि छेहरटा के पास एक सुनियोजित नाकाबंदी के दौरान, पुलिस टीमों ने आरोपी आकाश मसीह और प्रिंस को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से एक .30 बोर पिस्तौल और एक ग्लॉक 9 मिमी पिस्तौल बरामद की।
तकनीकी मदद से हुआ बड़ा खुलासा
मामले की आगे की कार्रवाई में तकनीकी सुरागों पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस टीमों ने करणबीर सिंह और सुखविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है और उनके पास से तीन .30 बोर पिस्तौल और 1 किलो 10 ग्राम हेरोइन बरामद की है। उन्होंने आगे बताया कि आरोपी करणबीर सिंह उर्फ करण के खुलासे पर, पुलिस ने गुरभेज सिंह उर्फ भेजा को भी गिरफ्तार किया, जिसके पास से एक .30 बोर पिस्तौल बरामद की गई। अवैध हथियारों की खेप बरामद करने के बाद, गिरफ्तार व्यक्ति क्षेत्र में आपराधिक तत्वों को हथियार वितरित कर रहे थे।

