वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
प्रदेश में अब भ्रष्टाचारी के समर्थन में पटवार यूनियन ने बड़ा आंदोलन करने का फैसला लिया है। इस बात की पुष्टि, एक प्रेस वार्ता के दौरान की गई। दरअसल, बरनाला पटवार यूनियन के अध्यक्ष को पिछले दिनों रिश्वत लेते विजिलेंस ने रंगे हाथ पकड़ा था। अब यूनियन की मांग है कि उनके खिलाफ दर्ज किया केस वापस लिया जाए, अन्यथा पूरे पंजाब के पटवारी, तहसीलदार से लेकर सभी बड़े अधिकारी राजस्व विभाग से जुड़े हड़ताल पर चले जाएंगे। इसके नुकसान के लिए प्रदेश सरकार जिम्मेदार होगी। लेकिन, सोमवार को मंत्री के साथ होने वाली बैठक के बाद बात किस नतीजे पर पहुंची है , उसके बाद ही बड़ा फैसला लेने का इंतजार किया जा रहा है।
गौरतलब है कि प्रदेश भर के राजस्व अधिकारियों ने 28 और 29 नवंबर को सामूहिक अवकाश लेकर भी विरोध प्रदर्शन किया था। लेकिन इस बार राजस्व अधिकारियों ने मन बना लिया है कि अगर दो दिन में अध्यक्ष सुखचरण चन्नी के खिलाफ मामला वापस नहीं लिया गया तो पूरे पंजाब में अनिश्चितकाल के लिए रजिस्ट्री बंद कर दी जाएगी।
जानिए, क्या है पूरा मामला..
बता दें कि बरनाला विजिलेंस ने एसोसिएशन के प्रधान चन्नी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ने का दावा किया था। बुधवार को चन्नी की गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए रेवेन्यू ऑफिसर यूनियन ने गुरुवार को राज्य भर में तैनात यूनियन के सदस्यों तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सब रजिस्ट्रार और डीआरओ को विरोध स्वरूप सामूहिक अवकाश लेकर बरनाला विजिलेंस ऑफिस के बाहर पहुंचने को कहा था।