एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पंजाब की जेलों में गैंगवार की आशंका है। हालांकि, जेल विभाग और पंजाब पुलिस चौकस है। दिल्ली की तिहाड़ जेल में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के एक साथी के कत्ल के बाद मिले खुफिया इनपुट के आधार पर पंजाब में उन सभी जेलों में निगरानी बढ़ा दी गई है, जिनमें गैंगस्टर और उनके साथी बंद हैं।
गुर्गों की गतिविधियों पर रखी जा रही नजर
पुलिस सूत्रों के अनुसार जेलों में पहले से ही गैंगस्टरों को अलग-अलग रखा जाता है लेकिन उनके गुर्गों की गतिविधियों पर अब गंभीरता से नजर रखी जा रही है। खुफिया इनपुट पंजाब के अलावा हरियाणा और दिल्ली पुलिस को दिया गया है। इसमें कहा गया है कि गैंगस्टर गुटों के बीच विवाद जेलों में भी गैंगवार की शक्ल ले सकता है। इसे रोकने के लिए तीनों राज्यों की पुलिस के बीच तालमेल बनाने की बात भी कही गई है।
गैंगस्टर तेवतिया हत्या में पुलिस के हाथ खाली
लॉरेंस बिश्नोई के साथी प्रिंस तेवतिया की हत्या में फिलहाल पुलिस के हाथ खाली हैं लेकिन यह आशंका जताई जा रही है कि इस हत्या से जेलों में गैंगवार छिड़ सकती है। दरअसल, बीते दिनों लॉरेंस बिश्नोई ने एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू के दौरान पंजाब में गैंगस्टर गुटों के परस्पर तार और टकराव के राज खोले थे।

