SNE NETWORK.CHANDIGARH.
राज्यसभा सदस्य व पर्यावरणविद संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रयास से हांगकांग में फंसी लुधियाना के गांव भैणी साहिब की महिला 12 साल बाद वापस वतन लौटने में सफल हो पाई है। पीड़ित महिला ने बताया कि वह 2012 में टूरिस्ट वीजा पर हांगकांग गई थी, लेकिन वहां स्थायी रूप से रहने की इच्छा के कारण उसने हांगकांग में काम करना जारी रखा।
महिला ने बताया कि एक गैंगस्टर की शिकायत करना उसे महंगा पड़ गया। वहां के गैंगस्टरों उसे धमकी देने लगे। इस कारण वह डिप्रेशन में चली गई और मानसिक संतुलन खो बैठी। उसने वीडियो कॉल कर बताया था कि हांगकांग में उसकी जान को खतरा है। परिवार ने संत बलबीर सिंह सीचेवाल से संपर्क किया और उन्होंने तुरंत इस मामले को विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के साथ साझा किया।
पीड़िता की मां ने संत सीचेवाल तथा भारतीय दूतावास का धन्यवाद करते हुए कहा कि विदेश मंत्रालय का बड़ा योगदान रहा है, जिसके कारण विदेश में फंसी उनकी लड़की को सुरक्षित वापस लाया गया।

