वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
कई भाजपा नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ऐसा, इसलिए, क्योंकि भाजपा की तरफ से वीरवार को केंद्र की योजनाओं को लेकर कैंप लगाए जा रहे थे। जालंधर, अमृतसर, लुधियाना, पठानकोट समेत कई जिलों में भाजपा नेताओं को हिरासत में लिए जाने पर कार्यकर्ता भड़क गए और विरोध प्रदर्शन किए गए। सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
वहीं अब पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को चुनौती दी है। जाखड़ ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी 22 अगस्त (शुक्रवार) को अबोहर के गांव रायपुर में उसी जगह पर गरीबों के हित के लिए दोबारा कैंप लगाएगी, जिस कैंप से आज पार्टी नेताओं को मान सरकार की पुलिस ने उठा लिया है। जाखड़ ने कहा कि वह खुद इस कैंप में जाएंगे।
सुनील जाखड़ ने कहा कि यह हमला भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर नहीं बल्कि पंजाब के उन गरीब लोगों पर है, जिन्हें इन कैंपों के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिया जा रहा था। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार खुद तो गरीब लोगों के लिए कुछ नहीं कर रही है और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ भी लोगों तक पहुंचने में रुकावट पैदा कर रही है।

