राजेश शर्मा.चंडीगढ़।
पंजाब के भजन गायक लखविंदर सुरजीत सिंह पर नवी मुंबई में हमला किया गया है। इस मामले में पुलिस ने लगभग एक दर्जन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। पंजाब के गुरदासपुर निवासी लखविंदर सुरजीत सिंह पर शुक्रवार शाम वाशी में पनवेल-सायन रोड पर उस समय हमला हुआ जब वह जयनगर से मुंबई हवाई अड्डे जा रहे थे।
धारदार हथियार से हमला
एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि आरोपियों ने उनका वाहन रोका और उन पर सरिया व धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने लखविंदर सिंह को पिस्टल और रिवाल्वर से धमकाया और फिर उन्हें और उनके एक सहयोगी को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए।
इस वजह से हुआ हमला
कथित तौर पर आरोपी 2017 में मारे गए एक व्यक्ति के परिजनों को भजन गायक लखविंदर सुरजीत सिंह की ओर से दिए गए समर्थन से नाखुश थे। इसके चलते उनके ऊपर हमला किया गया। हालांकि, गायक इस वक्त अस्पताल में हैं, जहां उनका उपचार चल रहा है।
एक दर्जन लोगों पर मामला दर्ज
इस मामले में पुलिस ने एक दर्जन लोगों पर मामला दर्ज किया है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “हम इस दुश्मनी के बारे में जांच कर रहे हैं। दो संदिग्धों की पहचान हैप्पी सिंह (35) और जसपाल सिंह (42) के रूप में हुई है। लखविंदर सुरजीत सिंह अस्पताल में हैं। आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी है।”