SNE NETWORK.CHANDIGARH.
चंडीगढ़ में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला की छाती में दो जगह गहरे जख्म हुए हैं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायल महिला की पहचान सुमन कुमारी के रूप में हुई है।उसे इलाज के लिए गवर्नमेंट मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल सेक्टर-16 में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।
महिला के भाई का कहना है कि उसका जीजा पहले भी कई बार उसकी बहन पर जानलेवा हमला कर चुका है। वह कोई काम नहीं करता। अपनी पत्नी के कमाई पर पलता है और उससे ही पैसे मांगता है। रविवार को भी वह पैसे मांग रहा था। जब पत्नी ने नहीं दिए तो पति ने चाकू मार दिया।

घर के बाहर सीढ़ियों पर पड़े इस चाकू से ही पति ने अपनी पत्नी पर हमला किया है।
यह घटना चंडीगढ़ के सेक्टर-38 वेस्ट डड्डू माजरा कॉलोनी की है। वारदात आज दोपहर करीब 2 बजे हुई। महिला के भाई कुलदीप सिंह ने बताया- मेरे जीजा ने ही मेरी बहन सुमन को चाकू मारा है। उसकी छाती पर 2 जगह चाकू लगा है।
- कुलदीप ने बताया- यह तीसरी बार है, जब जीजा ने मेरी बहन को मारने की कोशिश की है। अब मेरी बहन की जिंदगी बच पाए, यह मुश्किल है। उसकी हालत बहुत गंभीर है। जीजा ने लंबे वाले चाकू से हमला किया है।कुलदीप ने कहा- मेरे जीजा का नाम मनोज है, जो बेरोजगार है। पूरा दिन कुछ काम नहीं करता। मेरी बहन जब शाम को मेहनत-मजदूरी कर घर आती है तो वह उससे पैसे छीनने की कोशिश करता है। वरना उस पर हमला करता है, मारपीट करता है। आज भी उसने इसी तरह यह कोशिश की है। चाकू बड़ा गहरा लगा है। कुलदीप ने कहा कि पुलिस को पहले भी शिकायत दी थी। साथ ही बताया था कि वह इस तरह की हरकत करता है। उस समय थाने में इसने कहा था कि दोबारा गलती नहीं होगी। उसकी यह आखिरी गलती है, लेकिन उसने फिर हमला किया है।

चंडीगढ़ के सेक्टर-38 में वेस्ट डड्डू माजरा कॉलोनी की इसी बिल्डिंग में परिवार रहता है।
इस तरह का मामला 8 अप्रैल को भी सामने आया था। जब न्यू चंडीगढ़ में एक कपड़ों के शोरूम में सेल्सगर्ल के तौर पर काम करने वाली प्रियंका नाम की महिला पर उसके पति हीरालाल ने सरेआम चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में महिला को पीठ और कमर पर गंभीर चोटें आईं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और गुजारा भत्ता को लेकर तनाव था। बाद में पुलिस उसे अरेस्ट कर लिया था।

