SNE NETWORK.CHANDIGARH.
(NIA) ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मुख्य हैंडलर अनमोल बिश्नोई पर 10 लाख के इनाम की घोषणा की है। बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में अनमोल की भूमिका सामने आने के बाद भारत की सुरक्षा एजेंसी ने ये फैसला लिया है। मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा शूटरों से की गई पूछताछ के दौरान अनमोल का नाम प्रमुख तौर पर हत्या में सामने आया था। जिसके बाद अब एनआईए ने इनाम की घोषणा कर दी है।
बता दें कि बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के पीछे पड़े लॉरेंस गैंग के गुर्गों ने बीते दिनों उनके घर फायरिंग भी करवाई थी। उस केस में भी अनमोल का नाम सामने आया था। इसे लेकर मुंबई पुलिस पहले ही बिश्नोई का लुकआउट नोटिस जारी कर चुकी है। और अब एनआईए ने भी एक्शन लेते हुए 10 लाख का इनाम रख दिया है।
प्रारंभिक जांच से पता चलता है संभव है कि अभिनेता सलमान खान के साथ करीबी संबंध होने के कारण सिद्दीकी की हत्या की गई। डिजिटल साक्ष्यों से पता चला है कि अनमोल बिश्नोई एक शूटर और एक साजिशकर्ता प्रवीण लोनकर के संपर्क में था। संकेत है कि अनमोल कनाडा और अमेरिका से आरोपितों के संपर्क में था।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपितों के साथ संपर्क के लिए इस्तेमाल किए गए कई स्नैपचैट अकाउंट का जांचकर्ताओं को पता चला है। इनमें से कुछ अकाउंट अनमोल बिश्नोई से जुड़े हैं। एक अधिकारी ने कहा, हम इन अकाउंट के विवरण की जांच कर रहे हैं, लेकिन हमें यकीन है कि उनमें से एक अकाउंट बिश्नोई से जुड़ा है।

