एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
अभिनेता आयुष्मान खुराना के पिता और मशहूर ज्योतिष पी. खुराना का निधन हो गया है। उन्होंने मोहाली के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। पंचकूला के सेक्टर 6 स्थित उनके निवास स्थान पर अंतिम दर्शन को लोग पहुंच रहे हैं। शाम को चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार होगा।
अपारशक्ति खुराना के प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर कहा कि बेहद दुखी मन से आपको बताया जा रहा है कि आयुष्मान और अपारशक्ति खुराना के पिता और ज्योतिष पी. खुराना अब इस दुनिया में नहीं रहे। उन्होंने आज सुबह 10:30 बजे मोहाली के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली।
जन्मदिन के एक दिन उपरांत हुई मृत्यु
18 मई को ही पी. खुराना का जन्मदिन था। जन्मदिन के एक दिन बाद निधन से पूरे पंचकूला में शोक की लहर दौड़ गई। बता दें कि 20 मई को चंडीगढ़ में उपराष्ट्रपति के हाथों आयुष्मान खुराना को कला रत्न पुरस्कार मिलना है। पी. खुराना प्रसिद्ध ज्योतिषी थे। उन्होंने इस विषय पर कई किताबें भी लिखी हैं। अभिनेता आयुष्मान और अपारशक्ति खुराना ने पिता को कंधा दिया।

