वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा और कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी (आप) पर कांग्रेस के नेताओं को झूठे मामलों में फंसाकर बदनाम करने का आरोप लगाया है। प्रताप बाजवा के आवास पर बुलाई गई प्रेस कांफ्रेंस में सुखपाल खैरा ने कहा कि भगवंत मान सियासी बदलाखोरी के तहत उनके खिलाफ बार-बार मुकदमे दर्ज कर रहे हैं लेकिन इससे भी कुछ बात नहीं बनती देख अब उन्होंने 37 साल पुराने एक केस में मुझे, मेरी पत्नी और मेरे स्वर्गीय पिता जी को नामजद किया है। इसमें गैर-जमानती धाराओं को गुपचुप तरीके से शामिल किया गया है। इस मामले में मंगलवार को अदालत ने पंजाब सरकार से जवाब -तलब कर लिया है।
जेल जाने से नहीं डरता
खैरा ने आगे कहा कि मैं जेल जाने से नहीं डरता लेकिन सरकार की जेलें भी सुरक्षित नहीं हैं। जेलों में उन गैंगस्टरों के इंटरव्यू कराए जा रहे हैं, जिन्होंने सिद्धू मूसेवाला की हत्या की थी। जेलों में ड्रग, गैंगवार आम बातें हैं।
खैरा ने मुख्यमंत्री मान को चुनौती दी कि अगर लड़ना है तो मर्दों की तरह लड़िए। औरतों और परिवार को बीच में न लाइए। खैरा ने कहा कि वह जल्द ही खुलासा करेंगे कि भगवंत मान ने एसडीएम से किस तरह उनके खिलाफ शिकायत लिखवाई थी। उन्होंने कहा कि वह इस तरह डरने वाले नहीं हैं और जल्दी ही कटारूचक्क के खिलाफ बड़ी मुहिम शुरू की जाएगी।
विपक्ष के साथ धक्केशाही कर रही आप
प्रताप बाजवा ने कहा कि कांग्रेस लगातार आप नेताओं के कारनामों को लोगों के सामने रख रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को याद रखना चाहिए कि जिस तरह सरकार विपक्ष के साथ धक्केशाही कर रही है, उसकी कीमत आज या कल अदा करनी होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खैरा और उनके परिवार के साथ खड़ी है। बाजवा ने कांग्रेस के पूर्व विधायक कुशलदीप किकी ढिल्लों की गिरफ्तारी की भी कड़ी निंदा की।

