SNE NETWORK.JALANDHAR/CHANDIGARH.

ED के पूर्व अधिकारी निरंजन सिंह (दाएं से दूसरे) ने सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी जॉइन की है।
एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED) के पूर्व अधिकारी निरंजन सिंह पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की पार्टी अकाली दल (वारिस पंजाब दे) में शामिल हो गए हैं। उन्होंने चंडीगढ़ में अमृतपाल के पिता तरसेम सिंह और विधायक मनप्रीत अयाली की उपस्थिति में पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर निरंजन सिंह ने कहा कि वह राजनीतिक व्यक्ति नहीं हैं और राजनीतिक क्षेत्र में आने की उनकी इच्छा भी नहीं थी। उन्होंने कहा कि समाज को अब सवाल पूछने की आदत नहीं रही। लोग अपने नफा-नुकसान तक सीमित होकर रह गए हैं।
निरंजन सिंह ने कहा कि पंजाब में भ्रष्टाचार और नशे का माफिया चल रहा है। कोई राजनीतिक व्यक्ति इसकी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। जबकि, राजनीतिक लोग खुद को जनता का मालिक समझने लगे हैं। व्यवस्था में बदलाव के लिए लोगों को सवाल पूछने होंगे और पंजाब के हित में खड़ा होना होगा। इससे पहले निरंजन सिंह ने कहा था- मुझे रिटायर हुए 5-6 साल हो चुके हैं। सारी पार्टियां कह चुकी हैं कि हम नशा खत्म कर देंगे, लेकिन नशा खत्म नहीं हुआ। पंजाब में बदलाव होना चाहिए।
उन्होंने अपने कार्यकाल में करीब 6 हजार करोड़ रुपए के चर्चित ड्रग केस की जांच की थी। इसी केस की जांच के दौरान उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया से भी पूछताछ की थी। मजीठिया से पूछताछ के कुछ समय बाद निरंजन सिंह के ट्रांसफर को लेकर विवाद खड़ा हो गया था।
उन्होंने ट्रांसफर को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती भी दी थी। वह जालंधर में ED ऑफिस में लंबे समय तक तैनात रहे। यहां से उन्होंने रिटायरमेंट ली। ED की नौकरी के बाद राजनीतिक दल जॉइन करने वाले वह तीसरे अफसर होंगे। इससे पहले पूर्व जॉइंट डायरेक्टर राजेश्वर सिंह BJP और डॉ. शम्सुद्दीन कांग्रेस जॉइन कर चुनाव भी लड़ चुके हैं।###UK###USA###CANADA###PUNJAB###ENFORCEMENT-DIRECTORATE###CHANDIGARH###JALANDHAR###AUSTRALIA###NEWZEALAND###SINGAPORE###GERMANY###ITLAY###

