वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने कहा है कि पंजाब में किसानों के लिए घोषित 1600 करोड़ रुपए का राहत पैकेज सीधे किसानों के खातों में भेजा जाएगा, राज्य सरकार को नहीं।जैसे ही गिरदावरी (फसल के नुकसान का सर्वे) पूरा होगा, पैसा किसानों को मिल जाएगा। अगर जरूरत पड़ी, तो अतिरिक्त मदद भी दी जाएगी। ये राहत पैकेज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाढ़ से प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद घोषित किया था। लेकिन पंजाब सरकार ने कहा है कि यह रकम बहुत कम है और इससे किसानों की पूरी मदद नहीं हो पाएगी।
केंद्रीय मंत्री वर्मा ने कहा कि पंजाब में जो बाढ़ आई है, उसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि लुधियाना में सतलुज नदी के किनारे बहुत ज्यादा खनन किया गया है। मंत्री ने आरोप लगाया कि यह खनन पंजाब सरकार में जल संसाधन मंत्री के भाई ने करवाया है। लोग इसके खिलाफ प्रदर्शन भी कर चुके हैं, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई। खनन की वजह से करीब 340 एकड़ जमीन में कटाव हुआ है।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सितंबर को पंजाब पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पंजाब में बाढ़ का हवाई सर्वे किया। गुरदासपुर में पीएम मोदी ने 19 किसानों तथा NDRF और SDRF की टीम से बातचीत की। मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उन्होंने पंजाब को 1600 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया। इसके अलावा, पीएम ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा भी की।

