एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का अंतिम संस्कार 27 अप्रैल गुरुवार को उनके पैतृक गांव बादल में दोपहर एक बजे होगा। इससे पहले 26 अप्रैल को उनके पार्थिव शरीर को आम लोगों के दर्शन के लिए सुबह 10 बजे चंडीगढ़ के सेक्टर 28 स्थित शिरोमणि अकाली दल के कार्यालय में रखा गया।
लाइव अपडेट
एसजीपीसी अध्यक्ष ने जताया दुख
प्रकाश सिंह बादल के निधन पर बुधवार को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने तेजा सिंह समुद्री हॉल में शोकसभा का आयोजन किया गया। इसके बाद दोपहर में शिरोमणि कमेटी के कार्यालयों को बंद कर दिया गया। गुरुवार तक कार्यालय बंद रहेंगे। शिरोमणि कमेटी कार्यालय में सभी कर्मचारियों ने शोक सभा के दौरान मूल मंत्र के बाद अरदास की। कमेटी के पदाधिकारियों ने प्रकाश सिंह बादल की पंथ सेवाओं को याद किया। वहीं एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने प्रकाश सिंह बादल के निधन को पंथक राजनीति के लिए बड़ी क्षति बताया। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के साथ दुख साझा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रकाश सिंह बादल जनता के नायक थे। जिन्होंने राज्य के समग्र विकास और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए बहुत योगदान दिया।
इन नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
प्रकाश सिंह बादल को अंतिम श्रद्धांजलि देने हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, हरियाणा के पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला, पंजाब की पूर्व सीएम राजिंदर कौर भट्ठल पहुंची। कुछ ही देर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पहुंचेंगे। दोपहर बाद प्रकाश सिंह बादल की अंतिम यात्रा पार्टी कार्यालय से निकाली जाएगी।
प्रकाश सिंह बादल के पार्थिव शरीर को पार्टी के झंडे से लपेटे गया है। पार्टी कार्यालय में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है। वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हैं। हर कोई अपने नेता के अंतिम दर्शन करना चाहता है। लोग पुष्प वर्षा कर रहे हैं।

