LUDHIANA GAS LEAK–पीड़ित परिवारों को 18-18 लाख रुपये की राशि जारी…एनजीटी के कड़ा संज्ञान लेने के उपरांत राज्य सरकार ने उठाया बड़ा कदम

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़। 

ग्यासपुरा में जहरीली गैस मामले में  राज्य सरकार ने पीड़ित परिवारों को 18-18 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है। यह जानकारी सोमवार को पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दी। उन्होंने बताया कि पंजाब सरकार ने इससे पहले मृतकों के परिवारों को घटना वाले दिन ही 2-2 लाख रुपये की राशि दे दी थी।


गौरतलब है कि उक्त हादसे का नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने स्वत: संज्ञान लिया था और लुधियाना जिला प्रशासन को पीड़ित परिवारों को 20-20 लाख रुपये की सहायता राशि देने का निर्देश दिया था। तब पंजाब सरकार ने पीड़ित परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी थी। अब बाकी 18-18 लाख रुपये की राशि जारी कर दी गई है। वहीं केंद्र सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है।


इन लोगों की गई थी जान


सीवरेज में बनी जहरीली गैस से आरती क्लीनिक चलाने वाले कविलाश, उनकी पत्नी वर्षा (35) और तीन बच्चों कल्पना (16), अभय (13) और आर्यन (10) की मौत हो गई थी। कविलाश मूलरूप से बिहार के रहने वाले थे लेकिन पिछले 30 साल से वे पंजाब में बसे थे। किराना स्टोर चलाने वाले सौरव गोयल, उनकी पत्नी प्रीति और मां कमलेश गोयल की जान भी इस हादसे में गई थी। नवनीत कुमार, उनकी पत्नी नीतू और अमित नाम के व्यक्ति की भी जान जहरीली गैस ने ले ली थी। 

100% LikesVS
0% Dislikes