SNE NETWORK.CHANDIGARH/JALANDHAR.
पंजाब को विकास की विभिन्न सौगातें देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूबे में विधानसभा चुनाव की हुंकार भर दी है। शुक्रवार को जालंधर में मोदी ने पंजाब के लिए 5472 करोड़ की रेल व सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसके अलावा उन्होंने सियासी विरोधियों को निशाने पर लेते हुए चुनावी बिगुल बजा दिया है।
अमृतसर के छरहटा से वाराणसी तक संत रविदास जी के नाम से शुरू की गई ट्रेन को हरी झंडी
जालंधर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने सबसे पहले अमृत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास के बाद जालंधर कैंट स्टेशन का लोकार्पण किया। उसके बाद अमृतसर के छरहटा से वाराणसी तक संत रविदास जी के नाम से शुरू की गई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डेरा सचखंड बलां के प्रमुख संत निरंजन दास भी इसी ट्रेन में जालंधर से वाराणसी के लिए रवाना हुए। इसके अलावा मोदी ने दो सड़क परियोजनाओं को भी जनता के समर्पित किया। इसके बाद हरी पगड़ी पहन मोदी ने मंच पर आकर जहां खुद को पंजाब और पंजाबियत से जोड़ने की कोशिश की।
पंजाब का भविष्य बर्बाद हो रहा
मोदी ने कहा, यह सबसे दुखद दाैर है कि पंजाब का भविष्य बर्बाद हो रहा है। नशे के साैदागर खुलेआम घूम रहे हैं। युवाओं को नशे के दलदल में धकेला जा रहा है। आज जो सत्ता में बैठे हैं, वे देश की राजनीति को बदलने का दावा करते थे मगर आज इनकी सच्चाई पूरा देश देख रहा है। कुछ नेताओं का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, विरोधी दल के एक नेता को दिल्ली में दोषी करार दिया गया। उस पर दंगे कराने और एक आईबी अफसर की हत्या का आरोप है मगर ये लोग अदालत पर सवाल उठाते हुए उसके फैसले पर मत और मजहब ढूंढ रहे हैं, क्योंकि यह इनके वोट बैंक का सवाल है। मोदी यहीं नहीं रुके, उन्होंने कहा, गुजरात में भी इनके एक विधायक को सरकारी अधिकारी पर हमला करने व वसूली के आरोप में सात साल की सजा सुनाई गई। वसूली, उगाही, अवैध कब्जे, आप की राजनीति का ट्रेडमार्क बन चुके हैं।
एक मंत्री पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप
तीखा सियासी हमला करते हुए पीएम ने कहा, सरकार ने एक नेता को स्वास्थ्य मंत्री बनाया मगर उसे घूसखोरी में बर्खास्त करना पड़ा। एक मंत्री पर मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप है। एक विधायक घूस लेते पकड़ा जा चुका है। सरकार में ऐसे बहुत कम लोग ही मिलेंगे, जिन पर कोई दाग न हो। प्रधानमंत्री ने कहा, जनता की सेवा साफ नीयत और ईमानदारी की भावना से होती है। पंजाब में जो सरकार है उसकी नीयत साफ नहीं है। उसकी पहचान कट्टर बेईमान पार्टी के रूप में बन चुकी है।
केंद्रीय बजट में लूट का आरोप लगाया
पीएम ने विभिन्न योजनाओं के तहत पंजाब के लिए जारी होने वाले केंद्रीय बजट में लूट का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, पंजाब की जनता के लिए केंद्र सरकार जो फंड भेजती है, उसे सही जगह खर्च न करके करके, बजट की लूट की जाती है। इस बजट से पंजाब के गांवों की सड़कें व मंडियां बनती मगर केंद्र से आने वाली फंड में लूट-घसूट हो गई। विकास के नाम पर कर्ज लिया जा रहा है, जिससे पंजाब की आर्थिक स्थिति बहुत खराब हो चुकी है।
केंद्र सरकार की जो योजनाएं शुरू की गईं, उन पर पंजाब सरकार ने अपने नाम के स्टीकर लगा दिए
मोदी ने विरोधियों पर घेराबंदी को और कसते हुए कहा, केंद्र सरकार की जो योजनाएं शुरू की गईं, उन पर पंजाब सरकार ने अपने नाम के स्टीकर लगा दिए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर का नाम बदल दिया गया। केंद्र की 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज के लिए आयुष्मान योजना के साथ ही यही खेल कर दिया गया। महिलाओं को ठगा गया। सरकार बनने के बाद चुपचाप बैठ गए। योजना उसी वक्त शुरू की गई होती तो अब तक महिलाओं के खाते में 50 हजार से ज्यादा राशि पहुंच जाती।
डबल इंजन सरकार को बहुत जरूरी बताया
प्रधानमंत्री ने पंजाब की खुशहाली के लिए डबल इंजन सरकार को बहुत जरूरी बताया। उन्होंने कहा, यहां किसानों और जवानों में बहुत क्षमता है। दिल्ली और हरियाणा में डबल इंजन की सरकार में कैसे विकास हो रहा है, ये सबके सामने हैं। हरियाणा में 24 फसलों पर एमएसपी मिलती है मगर पंजाब में केवल दो फसलों पर। किसानों को यहां धोखा ही मिल रहा है। कर्मचारियों को 60 प्रतिशत डीए दिया जाता है मगर पंजाब में जो मिल रहा है, उसकी भी कोई गारंटी नहीं है। हकों की लड़ाई के लिए कर्मचारी सड़कों पर हैं। इन सभी समस्याओं का हल डबल इंजन सरकार में ही संभव हो पाएगा।###USA###UK###CANADA###PM-MODI-NEWS###PUNJAB###CHANDIGARH###INDIA###AUSTRALIA###GERMANY###IRELAND###SWEDEN###EUROPE###CHINA###HUNGRY###FRANCE###ITLAY###ROME###RUSSIA###UKRAINE###VIETNAM###SINGAPORE###@

