SNE NETWORK.AMRITSAR/CHANDIGARH.

केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने सिद्धू परिवार की खूब तारीफ की। (CREDIT-BY-SNE-NEWS-IMAGE)
केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने नवजोत सिद्धू परिवार की जमकर तारीफ की। अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे बिट्टू ने कहा कि सिद्धू परिवार ने हमेशा पार्टी का भला किया, लेकिन कांग्रेस ने उनका इस्तेमाल किया। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू द्वारा भाजपा की बार-बार सराहना करने पर राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म है। इसी संदर्भ में जब बिट्टू से पूछा गया कि क्या साल 2027 से पहले सिद्धू परिवार भाजपा में शामिल हो सकता है, तो उन्होंने स्थिति साफ की।
बिट्टू ने कहा कि न तो सिद्धू परिवार की ओर से ऐसी कोई बातचीत चल रही है और न ही भारतीय जनता पार्टी की तरफ से इस संबंध में कोई पहल की गई है। हालांकि, उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सिद्धू परिवार का इस्तेमाल किया।

अमृतसर के श्री गुरु राम दास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे बिट्टू ने सिद्धू परिवार की जमकर तारीफ की।
बिट्टू ने शुक्रवार रात कहा कि वर्ष 2017 में जब सरकार बनानी थी, तब कांग्रेस ने नवजोत सिंह सिद्धू को हर हलके में प्रचार के लिए आगे किया। उस समय पार्टी के नेता उन्हें कहते थे कि हर विधानसभा क्षेत्र में जाकर जोरदार प्रचार करो। बिट्टू ने दावा किया कि जहां-जहां सिद्धू ने प्रचार किया, वहां-वहां कांग्रेस को विधानसभा सीटों पर जीत मिली। बिट्टू ने आरोप लगाया कि जब जरूरत थी तब सिद्धू को आगे रखा गया, लेकिन बाद में उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया। फिलहाल भाजपा में सिद्धू परिवार की एंट्री को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है, लेकिन इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं जरूर तेज हो गई हैं।
इससे पहले रवनीत सिंह बिट्टू ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस में नेतृत्व का घोर अभाव है और आपसी गुटबाजी अब खुलकर सामने आ चुकी है। बिट्टू ने कहा था कि कांग्रेस के भीतर हालात पूरी तरह बिगड़ चुके हैं और पार्टी में कोई भी नेता स्थिर सोच या मजबूत नेतृत्व के साथ खड़ा नहीं है, बल्कि हर कोई अपने राजनीतिक स्वार्थ में उलझा हुआ है। केंद्रीय मंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को लेकर भी बड़ा दावा किया था। बिट्टू ने कहा था कि चन्नी उनके सामने हाथ जोड़कर कांग्रेस में शामिल कराने की गुहार लगाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि चन्नी बार-बार उनसे अनुरोध करते थे कि उन्हें कांग्रेस में शामिल करवाया जाए। अंततः उनके प्रयासों के बाद ही चन्नी कांग्रेस में आए। बिट्टू ने तंज कसते हुए कहा था कि आज वही नेता कांग्रेस नेतृत्व और पार्टी पर सवाल उठा रहे हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि दिल्ली ब्लास्ट के पीछे पाकिस्तान का ही हाथ है। पिछले समय के दौरान आई बाढ़ में पाकिस्तान की तरफ से बड़ी मात्रा में असलहा भेजा गया है, क्योंकि बाढ़ के दौरान फेंसिंग टूट गई थी। पंजाब पुलिस ने भी इस दौरान 50 कंपनियां केंद्रीय फौज की मंगवाई थीं।

