एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी (आप) को समर्थन देने के मुद्दे पर कांग्रेस में मतभेद पैदा हो गया है। सोमवार को पंजाब और दिल्ली के कांग्रेस नेताओं ने नई दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से उनके आवास पर मुलाकात की। इस बैठक में राहुल गांधी भी मौजूद रहे।
पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रताप सिंह बाजवा, हरीश चौधरी, नवजोत सिद्धू ने खरगे और राहुल गांधी के सामने अपनी बात रखी। बैठक के बाद पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि इस मुद्दे पर उन्हें जो कुछ भी कहना था, उन्होंने पार्टी नेतृत्व को बता दिया है। इसका खुलासा सार्वजनिक रूप से नहीं किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि वह केवल अपनी बात कहने आए थे और आप को समर्थन दिए जाने का अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान ही लेगा। गौरतलब है कि गत 20 मई को केंद्र सरकार ने दिल्ली में अफसरों की ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर अध्यादेश जारी किया था। केजरीवाल इसका विरोध कर रहे हैं। अध्यादेश का विरोध करने के लिए उन्होंने कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों से समर्थन मांगा है।
खरगे और वेणुगोपाल कर चुके हैं आप का समर्थन
गौरतलब है कि केंद्र के अध्यादेश के विरोध में खरगे और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल पहले ही आप का साथ देने की बात कह चुके हैं लेकिन जब पंजाब और दिल्ली कांग्रेस ने नेताओं ने एतराज जताया तो खड़गे ने कहा था कि वे दिल्ली और पंजाब के नेताओं से बातचीत के बाद ही इस पर अंतिम फैसला करेंगे। वहीं, वेणुगोपाल ने पिछले हफ्ते कहा था कि अगर केंद्र सरकार अध्यादेश को लेकर राज्यसभा के मानसून सत्र में बिल लाती है तो कांग्रेस के सांसद इसका विरोध करेंगे।

