वरिष्ठ पत्रकार.अमृतसर/चंडीगढ़।
मौसम विभाग ने अगले 36 घंटे के लिए राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश की चेतावनी गई गई है। यह अलर्ट 3-4 सितंबर की रात 1 बजे तक रहेगा। मौजूदा समय में पंजाब के 12 जिले बाढ़ की चपेट में आ चुके हैं। इनमें अमृतसर, गुरदासपुर, मोगा, पठानकोट, तरनतारन, फिरोजपुर, होशियारपुर, पटियाला, मोहाली, कपूरथला, जालंधर और लुधियाना शामिल हैं। कुल 1400 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

जालंधर के फिल्लौर में सतलुज का जलस्तर बढ़ने से श्री शनि मंदिर में 2 फीट तक पानी घुस गया। भाखड़ा का जलस्तर भी खतरे के निशान से मात्र 3 फीट नीचे रह गया है। सोमवार रात से मंगलवार को दिन भर में हुए घटनाक्रमों में अमृतसर में करीब 100 साल पुरानी इमारत ढह गई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

अमृतसर के गांव सठियाला में मकान की छत गिरने से 12 साल की लड़की की मौत हो गई, जबकि अन्य परिवार वाले घायल हो गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुख्यमंत्री भगवंत मान से फोन पर बात की और केंद्र की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। CM भगवंत मान ने दिन में फिरोजपुर क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने अपने पूरे साल का वेतन दान दे दिया है। उधर, हरियाणा सरकार ने भी 5 करोड़ रुपए की मदद भेजी है। इसके अलावा रूपनगर के श्री आनंदपुर साहिब क्षेत्र में नंगल भाखड़ा फीडर नहर 12 जगह से धंस गई है। इस कारण सड़क पर पानी आ गया। मंत्री हरजोत बैंस ने खुद मौके पर पहुंचकर लोगों के साथ राहत बचाव कार्य शुरू किया।

