वरिष्ठ पत्रकार.चंडीगढ़।
पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को चंडीगढ़ में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात करने के लिए पहुंचा। धान खरीद के मुद्दे पर राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा गया। पटियाला की पूर्व सांसद व भाजपा नेता परनीत कौर ने किसानों के धरने को लेकर कहा कि इसके लिए सरासर भगवंत मान की सरकार जिम्मेदार है।

परनीत कौर का कहना है कि आज सभी भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से अनुरोध किया है कि वह मुख्यमंत्री भगवंत मान, खाद्य मंत्री और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दें कि धरने पर बैठे किसानों की समस्याओं को तुरंत सुने और हल करें। राज्यपाल पंजाब के मुखिया हैं। इसलिए सभी भाजपा नेताओं ने उनसे मांग की है कि मुख्यमंत्री, फूड मिनिस्टर व अन्य संबंधित अधिकारियों को बुलाएं और उनको आदेश दिए जाएं कि जल्द से जल्द धान की खरीद शुरू कराई जाए और दिवाली से पहले किसानों की फसल को खरीद कर उन्हें घर भेजें।

