वरिष्ठ पत्रकार.लुधियाना।

सेवानिवृत AIG को लगातार गैंगस्टरों से जान से मारने की धमकियां मिल रही है। पता चला है कि उन्हें वॉट्सऐप कॉल के जरिए धमकाया जा रहा है। 10 महीने चली पुलिस की जांच के बाद हाईकोर्ट के आदेश पर अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना हैबोवाल की पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पता चला है कि अब पुलिस नामित गैंगस्टरों को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करेगी। बताया जा रहा है कि AIG संदीप शर्मा ने अपने कार्यकाल दौरान कई कुख्यात गैंगस्टरों से पूछताछ की हुई है। अब उनकी रिटायरमेंट के बाद वह गैंगस्टर उन्हें धमका रहे है।
संदीप शर्मा एंटी-ड्रग स्पेशल टास्क फोर्स (STF) में सहायक इंस्पेक्टर जनरल (AIG) के पद पर कार्यरत थे। संदीप ने लुधियाना पुलिस को शिकायत दी है कि उन्हें पंजाब के मोस्ट वांटेड अपराधियों, जैसे लॉरेंस बिश्नोई और जग्गू भगवानपुरिया के नाम से धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। शर्मा ने बताया कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय नंबरों से वॉट्सऐप पर धमकी भरे कॉल आ रहे हैं। गैंगस्टर उनसे 28 जुलाई 2023 को दर्ज की गई FIR वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। बदमाशों ने धमकी दी है कि अगर उन्होंने FIR वापस नहीं ली, तो वे उसे और उनके परिवार (पत्नी और बेटे) को नुकसान पहुंचाएंगे। शर्मा ने कहा कि उन्होंने इन धमकियों के बावजूद झुकने से इनकार कर दिया है।
शर्मा ने बताया कि AIG STF के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बग्गा खान उर्फ बूटा, मुनीश प्रभाकर, गोरू बच्चा, सुख भीकारीवाल, राजपाल उर्फ राजा जैसे गैंगस्टरों पर बड़ी कार्रवाई की थी। रिटायरमेंट के बाद इन गैंगस्टरों और उनके सहयोगियों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया।

