WEATHER–1-2 मई को पंजाब में गरज के साथ बारिश एवं ओलावृष्टि की संभावना, किसानों को जारी की यह हिदायत

सांकेतिक तस्वीर

एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़। 

एक मई की रात से  नया पश्चिमी विक्षोभ  सक्रिय होने जा रहा है। एक व दो मई को पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में तेज गरज के साथ 40-50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। साथ ही बारिश व ओलावृष्टि भी होगी। इससे पारे में चार से छह डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। जिससे साफ है कि फिलहाल पंजाब के लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत रहेगी।


नए पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव


मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर मनमोहन सिंह के मुताबिक एक मई की रात से सक्रिय हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव ज्यादा रहेगा। बारिश व ओलावृष्टि से पारे में चार से छह डिग्री की गिरावट आएगी। इस भविष्यवाणी को देखते हुए किसानों को सलाह दी जाती है कि फसलों में सिंचाई न करें और न ही फसलों में खाद व कीटनाशक दवा वगैरह का इस्तेमाल करें। साथ ही कटी फसलों को सुरक्षित स्थानों पर इकट्ठा किया जा सकता है। साथ ही विभाग ने गरज व चमक के दौरान लोगों को घरों से बाहर जाने से बचने और इस दौरान पेड़ों की शरण न लेने की भी अपील की है। लोगों को गरज व चमक के दौरान जलाशयों के पास न जाने की भी सलाह दी है।


इतना पहुंचा पंजाब का पारा


शुक्रवार को 3.0 डिग्री का उछाल देखने को मिला। हालांकि, यह सामान्य से 2.2 डिग्री नीचे रहा। पंजाब में सबसे ज्यादा फरीदकोट का 39.6 डिग्री का अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का 35.8, लुधियाना का 36.0, पटियाला का 36.6, पठानकोट का 36.5, बठिंडा का 36.0, बरनाला का 35.5 और मोहाली का 35.8 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। जबकि न्यूनतम तापमान में 2.8 डिग्री की गिरावट देखने को मिली, जो सामान्य से 1.9 डिग्री कम रही। सबसे कम 16.9 डिग्री न्यूनतम तापमान गुरदासपुर का रहा।

100% LikesVS
0% Dislikes