एसएनई नेटवर्क.चंडीगढ़।
आने वाले दिनों में पंजाब के लोगों को भीषण गर्मी से निजात मिलेगी। 13-14 मई को प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे पारे में 1-2 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। इस बात की पुष्टि चंडीगढ़ मौसम विभाग केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने की। उनके मुताबिक, तूफान ‘मोचा’ का असर पंजाब में भी दिखेगा। तूफान के साथ-साथ ठंडी हवाएं चलेगी।
पंजाब में यह रहा तापमान
मंगलवार को पंजाब के पारे में 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली। हालांकि यह सामान्य से 2.8 डिग्री नीचे रहा। सबसे अधिक 38.5 डिग्री का तापमान समराला का दर्ज किया गया। वहीं, पंजाब के अन्य प्रमुख शहरों में अमृतसर का पारा 35.5 डिग्री, लुधियाना का 35.9, पटियाला का 36.9, फरीदकोट का 35.5, बरनाला का 36.2, फतेहगढ़ साहिब का 36.7 डिग्री, जालंधर का 35.2 डिग्री दर्ज किया गया।
पंजाब के न्यूनतम तापमान में भी 2.0 डिग्री की कमी दर्ज की गई, जो सामान्य से 4.4 डिग्री नीचे रही। सूबे में सबसे कम 16.2 डिग्री का न्यूनतम तापमान अमृतसर में दर्ज किया गया। इसके अलावा लुधियाना का न्यूनतम पारा 18.2, पटियाला का 19.1, जालंधर का 17.2 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार को चंडीगढ़ में हल्की बारिश हुई लेकिन पंजाब में मौसम शुष्क रहा। इसके चलते तेज गर्मी ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन मौसम शुष्क रहने की भविष्यवाणी की है और इस दौरान पारे में वृद्धि भी दर्ज होने की संभावना है।

