WEATHER REPORT—तेज बारिश के साथ ओले पड़ने की आशंका…. येलो अलर्ट जारी, जानिए, कितने डिग्री तापमान गिरेगा

वरिष्ठ पत्रकार.CHANDIGARH। 


मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान पंजाब के तकरीबन सभी जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। बिजली चमकने के साथ बारिश होगी, इससे दिन के तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।


मौसम विभाग के मुताबिक एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम के मिजाज बिगड़ने जा रहे हैं, लेकिन एक अप्रैल से मौसम फिर शुष्क बन जाएगा। पंजाब में लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभों के असर मार्च में मौसम कई बार करवट बदल चुका है। कभी तेज धूप के चलते मौसम में तल्खी, तो कभी बारिश के कारण ठंडक लौट आती है। अब एक बार फिर से मौसम बदलने जा रहा है। गुरुवार से 31 मार्च तक के लिए पंजाब में येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।


34 डिग्री के पार पहुंचा पारा


पंजाब में कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई, लेकिन इससे तापमान में कोई खास असर नहीं पड़ा है। पंजाब के अधिकतम तापमान में बुधवार को 0.9 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। सबसे अधिक 34.1 डिग्री का पारा पटियाला का रहा। वहीं, अमृतसर का तापमान 30.4, लुधियाना का 32.5, पठानकोट का 32.4, बठिंडा का 31.2, गुरदासपुर का 30.0, एसबीएस नगर का 31.3 , जालंधर का 29.7 डिग्री दर्ज किया गया। उधर, पंजाब के न्यूनतम तापमान में 2.7 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। इससे यह अब सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक हो गया है। सबसे कम 15.2 डिग्री का पारा बठिंडा का रहा और यह सामान्य से 1.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। वहीं, अमृतसर का 19.0, लुधियाना का 16.8, पटियाला का 20.3, पठानकोट का 19.9 व जालंधर का 18.7 डिग्री दर्ज किया गया।

100% LikesVS
0% Dislikes